शाहीन बाग का बुलडोजर सभी राजनीतिक दलों को पसंद आ रहा है। भाजपा अवैध निर्माण ढहाने के बहाने अपनी राजनीति साधने की कोशिश कर रही है, तो आम आदमी पार्टी बुलडोजर कार्रवाई रोकने की कोशिश कर अपने समर्थकों में पैठ बनाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली में एक बार फिर सियासी जमीन तलाशती कांग्रेस को भी बुलडोजर खूब पसंद आया। उसके नेता शाहीन बाग में आम लोगों के साथ बुलडोजर के आगे लेट गए और अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई नहीं होने दी। पार्टी को उम्मीद है कि बुलडोजर के आगे लेटने से उसे दोबारा खड़ा होने में जरूर मदद मिलेगी।
आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा है कि शाहीन बाग के सभी निवासियों और व्यवसायियों ने अपनी-अपनी संपत्तियों के सामने से उस निर्माण को हटा दिया है, जिसे कथित तौर पर अवैध निर्माण बताया जा रहा था। लेकिन इसके आगे सबके निर्माण पूरी तरह वैध हैं और उसे किसी भी कीमत पर नहीं तोड़ने दिया जाएगा। विधायक के साथ भारी संख्या में जमा भीड़ ने बुलडोजर को आगे नहीं बढ़ने दिया और उसे बैरंग लौटना पड़ा।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता खेमचंद शर्मा ने अमर उजाला से कहा कि स्वयं सर्वोच्च न्यायालय ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि दिल्ली में अवैध घुसपैठिए राजधानी में कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बने हुए हैं। न्यायालय ने उन्हें देश से बाहर करने के आदेश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि ये घुसपैठिए इसी तरह की अवैध बस्तियों में छिपकर रहते हैं और गलत कार्य करते हैं। दिल्ली की कानून-व्यवस्था ठीक करने के लिए इन अवैध बस्तियों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी नेता अमानतुल्लाह खान ने जिस तरह जामिया नगर की अवैध बस्तियों में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या मुस्लिमों को पनाह दी है, उससे राजधानी की सुरक्षा-व्यवस्था को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि सभी दलों को दिल्ली की सुरक्षा को प्रमुखता देते हुए अवैध लोगों को बाहर करने में न्यायालय और प्रशासन की मदद करनी चाहिए।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल सिंह ने कहा कि भाजपा अवैध निर्माण ढहाने के नाम पर एक खास वर्ग को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है। इससे देश के साथ-साथ दिल्ली में माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की इस कोशिश का पुरजोर विरोध करेंगे और बुलडोजर की कार्रवाई नहीं होने देंगे।