कश्मीर के उड़ी सेक्टर में आतंकी हमले में शहीद लांस नायक राजेश कुमार यादव का बलिया और हरेंद्र यादव का गाजीपुर में अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ मंगलवार को हुआ। शहीदों की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा था। प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जिले के प्रशासनिक अधिकारियों सहित हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धाजलि अर्पित की।
बलिया में मंगलवार को सुबह 10.30 बजे सेना के जवान शहीद लांस नायक राजेश कुमार यादव का शव लेकर उनके गांव दुबहर पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया था। तिरंगे में लिपटे शहीद की अंतिम यात्रा12.35 बजे उनके गांव से निकली तो उसमें हजारों लोग शामिल थे। तीन किमी दूर गंगा के भड़सर घाट पर गार्ड आफ ऑनर दिया गया।
मुखाग्नि राजेश के बड़े भाई श्रीभगवान ने दी। इस दौरान मंत्री रामगोविंद चौधरी, जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस, पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी गोरखा रेजिमेंट के जवान के साथ 90 और 93 बटालियन एनसीसी के सैन्य अधिकारी सहित गणमान्य लोग मौजूद थे।