पश्चिमी यूपी की 8 सीटों समेत देश में कुल 91 सीटों पर मतदान हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस उम्मीदवार को जहां आतंकी मसूद अजहर का दामाद बताया था, वहां भाजपा ने 8 में से 6 सीटें जीतीं। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन को महज 2 सीट मिल पाईं। कुल 91 सीटों में भाजपा व सहयोगियों के खाते में 39 सीट आई हैं, कांग्रेस को 7 सीट मिलीं।
ये उठे मुद्दे
- प्रचार की शुरुआत विकास व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों से
- एयर व सर्जिकल स्ट्राइक के साथ ही किसानों, बेरोजगारों के सवाल उठे
- धार्मिक ध्रुवीकरण की बिसात बिछने लगी
जहां अली-बजरंगी बली छाए, भाजपा ने जीती 8 में 6 सीट। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों समेत 12 राज्यों में कुल 95 लोकसभा क्षेत्रों में ध्रुवीकरण की धार और तेज हुई। पश्चिमी यूपी में जहां अली और बजरंग बली का मुद्दा उछला, वहां भाजपा को 8 में से 5 सीट मिलीं। देश की कुल 95 सीटों में भाजपा 49 जीतने में कामयाब रही। कांग्रेस को 11 मिलीं।
ये उठे मुद्दे
- सर्जिकल स्ट्राइक के साथ ही चुनाव पर हिंदुत्व का रंग चढ़ा ।
- हिंदू- मुस्लिम आधारित बयान आए।
- तीखे बयानों के चलते योगी व मायावती पर चुनाव आयोग ने प्रतिबंध लगाया।
तीसरे चरण में यूपी की 10 सीटों समेत देश के 15 राज्यों की 116 सीटों पर वोट पड़े। मायावती व मुलायम सिंह दो दशक बाद एक मंच पर आए। सीएम योगी ने संभल से सपा प्रत्याशी को पर तीखे हमले बोले थे। यहां मंडल में भाजपा को झटका लगा। छह में छह सीटें यहा भाजपा हारी। यूपी में इस चरण की 10 लोकसभा सीटों में 5 पर भाजपा विजयी रही। सपा को पांच सीटें मिली हैं।
ये उठे मुद्दे
- भारत माता, बाबरी मस्जिद, परमाणु बम, बाबर की औलाद जैसे मुद्दे।
- असली-नकली पिछड़े और जाति की बातें हुईं।
- साध्वी प्रज्ञा ने बाबरी मस्जिद गिराने पर गर्व जताया।
चौथे चरण में यूपी की 13 सीटों समेत देश भर में 71 सीटों पर मतदान से ठीक पहले पिछड़ों-अति पिछड़ों की बातें होने लगीं। पीएम मोदी ने कहा कि मेरी जाति इतनी पिछड़ी है कि गांव में एकाध ही घर होता है। मायावती ने पलटवार किया कि मोदी पिछड़ी जाति से नहीं है। इस चरण में 71 में 60 सीटों पर सफलता मिली। यूपी में उसने 13 में 13 सीटों पर जीत दर्ज की।
ये उठे मुद्दे
- यासीन मलिक की तारीफ कर कांग्रेस ने भाजपा को फ्री हिट का मौका दिया।
- मोदी ने गुंदागर्डी पर बुआ-बबुआ को घेरा,
- पाकिस्तान और इमरान खान चुनावी भाषणों में आए।
दंगे व पलायन याद हैं : मोदी
पीएम मोदी ने मुजफ्फरनगर दंगों और पलायन की याद दिलाई। आरोप लगाया कि अजित सिंह 2013 में दंगाइयों के साथ खड़े थे।
मुस्लिम वोट न बंटें : माया
माया ने मुस्लिमों से कहा, भावनाओं में बहकर वोट बांटना नहीं है, एकतरफा गठबंधन को ही देना है।
आतंकी का दामाद : योगी
सीएम ने कहा, यहां आतंकी मसूद अजहर का दामाद चुनाव लड़ रहा है। अंबेडकर दलित-मुस्लिम एकता के सख्त खिलाफ थे।
पाक को पड़ेंगे लेने के देने : मोदी
मोदी ने एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा, उधर वाले जान गए हैं कि तीसरी गलती की तो उन्हें लेने के देने पड़ जाएंगे।
हमें बजरंग बली पर विश्वास : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गठबंधन पर निशाना साधा। उन्हें अली पर विश्वास है तो हमें बजरंग बली पर।
अली-बजरंग बली दोनों हमारे : माया
मायावती ने कहा, अली और बजरंग, बली दोनों हमारे हैं। भाजपा को वोट नहीं मिलेंगे। बजरंग बली दलित हैं, हमारी ही जाति के हैं
दिवाली के लिए नहीं परमाणु बम : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पाकिस्तान कहता था हमारे पास न्यूक्लियर बम है। तो भारत के पास क्या है भाई? ये बम दिवाली के लिए रखा हुआ है?
माया बोलीं, मुलायम पिछड़ों के असली नेता
मुलायम सिंह के साथ मैनपुरी में मंच शेयर कर रही मायावती ने कहा कि मुलायम सिंह पिछड़ों के असली नेता हैं।
साध्वी प्रज्ञा ने कहा, ढांचा गिराने का गर्व
साध्वी ने कहा, बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने का अफसोस नहीं है। ढांचा गिराने पर तो हम गर्व करते हैं।
इनका मंत्र जात-पात जपना, जनता का माल अपना : मोदी
कांग्रेस, सपा-बसपा सबका एक ही मंत्र है, जात-पात जपना, जनता का माल अपना। कितनी भी कोशिश करें आएगा मोदी ही।
जात-पात जपना पिछड़ों का वोट हड़पना : माया
मोदी पर पलटवार करते हुए मायावती ने कहा, जात-पात जपना, पिछड़ों का वोट हड़पना नहीं चलेगा।
मोदी की दहाड़ से इमरान का पसीना छूटता है : योगी
सीएम योगी ने कहा, मोदी आतंकियों को शरण देने वालों पर दहाड़ते हैं तो इमरान खान के पसीने छूट जाते हैं।
पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर चुनाव से पहले मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित किए जाने के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा और सशक्त नेतृत्व का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया। पीएम मोदी ने राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर-1 बताकर सनसनी फैलाई। इस चरण में भाजपा को यूपी की 14 में 13 और देशभर में सहयोगियों के साथ45 सीटें जीतीं।
ये उठे मुद्दे
- ममता ने भाजपा के खिलाफ लड़ाई के 1857 की प्रथम क्रांति जैसा बताया।
- साध्वी प्रज्ञा पर प्रतिबंध लगा तो वह मंदिरों में जाने लगीं।
- कांग्रेस को वोट कटवा बताकर पीएम ने प्रियंका को घेरा।
शाह बोले, मोदी ने उड़ाए आतंकियों के पुर्जे
अमित शाह ने कहा, मोदी ने हवाई हमला कर आतंकवादियों के पुर्जे उड़ा दिए। अजहर मसूद को वैश्विक आतंकी घोषित करा दिया।
मोदी बोले : दीदी के 40 विधायक संपर्क में
पीएम मोदी ने कहा, दीदी के 40 विधायक हमारे संपर्क में हैं। वे 23 मई को उनका साथ छोड़ देंगे। दीदी आपके लिए दिल्ली दूर है। विपक्ष अब ईवीएम को भी नहीं बख्श रहा।
हमारे उम्मीदवार या तो लड़ रहे हैं या भाजपा का वोट काट रहे हैं : प्रियंका
प्रियंका ने कहा भाजपा की मदद से अच्छा मर जाना पसंद करूंगी। ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं जो या तो मजबूती से लड़ रहे हैं या भाजपा का वोट काट रहे हैं।
छठे चरण की शुरुआत बंगाल में तूफान और वोटों के ध्रुवीकरण की कोशिशों के बीच हुई। बंगाल में जयश्रीराम के नारों, सिखों पर सैम पित्रोदा के विवादित बयानों के बीच पांचवे चरण में 59 सीटों में वोट पड़े। इनमें 50 पर भाजपा विजयी रही। तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल की आठ में सिर्फ 3 सीट जीत सकी। यूपी में 14 में 9 सीटें भाजपा जीती।
ये उठे मुद्दे
- केजरीवाल को थप्पड़ की गूंज के साथ बंगाल पर फोकस हुआ चुनाव।
- पीएम मोदी और ममता बनर्जी के बीच चला आरोप-प्रत्यारोप
- जय श्रीराम के नारों से धार्मिक ध्रुवीकरण को धार।
निजी हमले बढ़े
जय श्री राम कहने वालों को जेल में डाल रहीं दीदी : मोदी
दीदी में अहंकार है। वे जय श्रीराम कहने वालों को जेल में डाल रही हैं। मैं जय श्रीराम का नारा लगा रहा हूं ताकि वे मुझे भी जेल में डाल सकें।
ममता का हमला, आप सिर से पैर तक खून से सने
ममता बनर्जी ने मोदी पर हमला करते हुए कहा, सिर से पैर तक आप लोग खून से सने हैं। मैं मोदी को पीएम नहीं मानती।
योगी ने बुआ, बबुआ पर किया हमला
सीएम योगी ने कहा, मतगणना के बाद बुआ बोलेगी, बबुआ गुंडों का सरताज। बबुआ बोलेगा, बुआ भ्रष्टाचार की मूर्ति।
चुनावी चक्रव्यूह के सातवें और आखिरी द्वार की जंग में यूपी की 13 सीटों समेत देश भर में 59 सीटों पर वोटिंग हुई। अमित शाह के रोड शो में बवाल के बाद बंगाल में एक दिन पहले चुनाव प्रचार रोका गया। प्रधानमंत्री ने अलवर रेप केस को लेकर जहां से मायावती को घेरा, वहां भाजपा को प्रदेश की 13 में 11 मिलीं। इस चरण की 59 में भाजपा और सहयोगी 37 सीटें जीते।
ये उठे मुद्दे
- अमित शाह के रोड शो के दौरान बवाल व ईश्वर चन्द्र विद्यासागर की मूर्ति टूटने पर घमासान।
- साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और रहेंगे।
- मोदी को नीच कहने वाली मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी।
ममता बनाम भाजपा : मोदी ने कहा, दीदी की आंख पर अहंकार का चश्मा
उन्होंने लोकतंत्र का गला घोटा है। उन्हें लगता है कि लोगों को डराकर राज करती रहेंगी लेकिन सत्ता जाने के डर से घबरा गई हैं।
योगी ने कहा, बगदादी से प्रभावित बगदीदी
ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा, बगदादी से प्रभावित होकर बगदीदी बनने का आपका सपना भारत माता के सपूत तोड़ देंगे।
ममता बोलीं, भाजपों के गुंडों ने हिंसा फैलाई
ममता बोलीं,बाहर से आए भाजपा के गुंडों ने अयोध्या कांड की तरह हिंसा फैलाई है। यह सब अमित शाह के कारण हुआ।