सेस के लागू हो जाने से बाहर होटल में खाना, इंटरनेट, यात्रा आदि सभी सेवाएं महंगी 1 जून से महंगी हो जाएंगी
- फोटो : PTI
बुधवार, 1 जून से सरकार कृषि कल्याण सेस लागू करने जा रही है। इस सेस के लागू हो जाने से बाहर होटल में खाना, इंटरनेट, यात्रा आदि सभी सेवाएं महंगी 1 जून से महंगी हो जाएंगी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस बार के बजट में कर दायरे में आने वाली सभी सेवाओं पर 0.5% कृषि कल्याण सेस का प्रस्ताव रखा था। इससे अब सर्विस टैक्स 14.5% से बढ़कर 15% हो जाएगा।
अपने पिछले बजट में अरुण जेटली ने सर्विस टैक्स को 12.36% से बढ़ाकर 14% कर दिया था, जो कि 1 जून 2015 से लागू हुआ था। इसके बाद सरकार ने फिर 15 नवंबर को सभी सेवाओं पर 0.5% स्वच्छ भारत सेस लागू कर दिया। इससे सर्विस टैक्स 14.5% हो गया था। इन सबसे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सरकार सर्विस टैक्स की दर को धीरे-धीरे बढ़ाकर गुड्स एण्ड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) के प्रस्तावित दर 17-18% के पास ले जाना चाहती है।
सरकार के इस कदम से मोबाइल बिल, डीटीएच, बिजली-पानी के बिल, रेस्टॉरेंट में खाना, रेल-हवाई टिकट, बैंकिंग, बीमा आदि सेवाएं महंगी हो जाएंगी। सरकार इस कृषि कल्याण सेस के जरिए कृषि और किसानों की योजनाओं के लिए पैसे जुटाना चाहती है।
पिछले चार वर्षों में सर्विस टैक्स वसूली में 25 प्रतिशत सालाना की दर से इजाफा हुआ है। वित्तीय वर्ष 2015-16 में 2.1 लाख करोड़ रुपये सर्विस टैक्स के रुप में वसूल होने का अनुमान है।