बसपा में नंबर दो की हैसियत रखने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने बुधवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मायावती पर पैसा लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाया है। मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा गरम है कि वह समाजवादी पार्टी में जा सकते हैं। कहा तो यहां तक जा रहा है कि सीएम अखिलेश यादव जल्द उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर सकते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह वही स्वामी प्रसाद मौर्य हैं, जिनकी बेटी संघमित्रा के खिलाफ अक्टूबर 2012 में मुलायम सिंह यादव पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में केस दर्ज किया गया था।
कभी स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी ने मुलायम को कहा था 'भैंस चराने वाला'
यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी ने तब मुलायम सिंह यादव को 'भैंस चराने वाला', 'गुंडों का सरगना' और 'मुलायम गुंडाराज का बाप' कहा था। संघमित्रा की इस टिप्पणी के खिलाफ सपा नेता खुमन सिंह वर्मा ने केस दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 153 के तहत केस दर्ज किया था।
खुद स्वामी प्रसाद मौर्य भी कई बार समाजवादी पार्टी पर गुंडाराज के आरोप लगा चुके हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्य का जन्म उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। वह चार बार विधानसभा के लिए चुने जा चुके हैं। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है।