मुंबई के एक कारोबारी को वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने का भरोसा देकर 41,000 रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कारोबारी ने पुलिस को बताया है कि 8 मार्च को एक सिम कार्ड वाली कंपनी के लोगो के साथ एक एसएमएस मिला जिसमें दावा किया कि कंपनी 8800000000 और 9100000000 लोगों को वीआईपी नंबर रियायती मूल्य पर दे रही है।
पुलिस ने कहा कि एसएमएस में बताए गए नंबर पर कारोबारी ने कॉल किया। आरोपी ने कारोबारी से उनका ईमेल आईडी मांगा फिर थोड़ी देर बार कारोबारी को ईमेल आया जिसमें टेलीकॉम कंपनी का लोगो लगा था। ईमेल में कारोबारी को 41,000 रुपये दिए गए बैंक खाते में डालने को कहा। कारोबारी ने रुपये उस बैंक खाते में डाल दिए।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि ईमेल में लिखा हुआ था कि रुपये का भुगतान हो जाने पर आप कुछ दिनों में कंपनी की ब्रांच से अपनी पसंद की संख्या की वाला सिम कार्ड ले सकते हैं। कारोबारी जब 12 मार्च को सिम कार्ड कपंनी की ब्रांच पर सिम कार्ड लेने गया तो वहां से पता चला कि कंपनी ने ऐसा कोई भी इमेल किसी भी ग्राहक को नहीं भेजा है। फिर कारोबारी ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की। इसके कुछ दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।