राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव आज काफी नाराज दिखें। गणतंत्र दिवस के अवसर पर तेजप्रताप राजद कार्यालय में जनता दरबार लगाने गए थे, लेकिन कार्यालय का मेन गेट बंद था। जैसे-तैसे ताला खुलवाने के बाद देखा कि कार्यालय का गेट बंद है। इसके बाद तेजप्रताप काफी नाराज हो गए और प्रदेश राजद अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
आपको बता दें कि तेजप्रताप हमेशा राजद कार्यालय में जनता दरबार लगाते हैं। लेकिन 70वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर तेजप्रताप राजद कार्यालय का गेट बंद देखकर भड़क गए। गुस्से से लाल तेजप्रताप ने राजद प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे को फोन किया और उसके बाद मेन गेट का ताला खुलवाया। मेन गेट का ताला खुलवाने के बाद कार्यालय का ताला बंद देखकर तेजप्रताज और गुस्सा हो गए।
तेजप्रताप ने रामचंद्र पूर्वे को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी में रहना है तो सबको साथ लेकर चलना पड़ेगा। तेज प्रताप ने आगे कहा कि उनकी लोकप्रियता से घबराए कुछ लोग उन्हें रोकना चाहते हैं, लेकिन वे किसी से रुकने वाले नहीं हैं। तेजप्रताप ने औकात में रहने की नसीहत तक दे डाली और कहा मुझे कोई एंट्री लेने से नहीं रोक सकता है। तेजप्रताप ने कहा, इसकी शिकायत लालू प्रसाद यादव व तेजस्वी यादव से करेंगे।
दरअसल हमेशा से यह खबरें आती रही हैं कि तेजप्रताप और उनके परिवार के बीच तालमेल सही नहीं है। हालांकि इससे पहले दोनों भाईयों ने एक फोटो साझा कर इस तरह की अटकलों पर विराम लगा दिया था। एक फोटो में तेजस्वी यादव तेजप्रताप के पैर छूते नजर आ रहे थे। बता दें कि बिहार में नीतीश कुमार और भाजपा के साथ आने से महागठबंधन के लिए राहे आसान नजर नहीं आ रही हैं। वहीं तमाम सर्वे में महागठबंधन को अच्छी सीटें नहीं मिल रही हैं, जो महागठबंधन के लिए चिंता का विषय है।