आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार ( (फाइल फोटो))
कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। करीब 2500 करोड़ रुपये के शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में के समन के बावजूद सोमवार को पूछताछ के लिए पेश नहीं होने पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को उन्हें कुछ अन्य ‘कागजात’ भेजे हैं। हालांकि अफवाह यह भी है कि उन्हें दूसरा समन भेजा गया है, लेकिन सीबीआई सूत्रों ने इससे इनकार करते हुए कहा है कि उन्हें कुछ जरूरी कागजात भेजे गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि अगर अब भी कोलकाता पुलिस के एडीजी-सीआईडी कुमार जांच एजेंसी के समक्ष हाजिर नहीं हुए तो अदालत से उनकी गिरफ्तारी का वारंट लेने और उनको भगोड़ा घोषित कराने के विकल्प पर विचार किया जाएगा।
राजीव कुमार ने सोमवार को एजेंसी को एक पत्र के जरिए सूचित किया था कि वे निजी वजहों से तीन दिनों की छुट्टी पर हैं। उन्होंने उस पत्र में पूछताछ के लिए पेश होने की खातिर और सात दिनों का समय मांगा था।
मंगलवार को सीबीआई अधिकारियों ने कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में भवानी भवन में स्थित कुमार के कार्यालय में कुछ कागजात भेजे। उस समय माना गया कि कुमार को दूसरा समन भेजा गया है, लेकिन सीबीआई सूत्रों ने इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि जांच से जुड़े कुछ अन्य कागजात भेजे गए हैं।