नागरिक विमानन महानिदेशक (डीजीसीए) ने हवाई यात्रियों को सलाह दी है कि वे विमान में यात्रा करते वक्त सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 मोबाइल फोन को न चालू करें और न ही इसे चार्ज करें। डीजीसीए ने यह सलाह स्मार्टफोन की बैटरी में विस्फोट की कई घटनाओं के होने के बाद दी है। डीजीसीए बीएस भुल्लर ने सार्वजनिक नोटिस में कहा है कि सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 की बैटरी में कुछ समस्याओं को लेकर हाल में दुनियाभर में हुईं कुछ घटनाओं के मद्देनजर विमानसेवाओं और हवाई यात्रियों को यह सलाह दी है।
डीजीसीए ने कहा है कि यात्रियों और विमानसेवाओं को चेक हुए सामान में भी इसे नहीं भरने की सलाह दी है। डीजीसीए ने कहा है कि हवाई यात्रा करते वक्त सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने का निर्णय विमान ऑपरेशन और यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
सैमसंग ने पिछले हफ्ते अपने गैलेक्सी नोट 7 हैंडसेट को बैटरी में विस्फोट और आग पकड़ने की घटनाओं के बाद वापस ले लिया था। कंपनी ने दस देशों से हैंडसेट वापस मांगे हैं।