कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट से पूरी दुनिया में फैले नए खौफ के बीच कर्नाटक से भी चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने सोमवार को कहा कि हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से बेंगलुरु आए दो लोगों में से एक के कोरोना सैंपल में डेल्टा से अलग वैरिएंट पाया गया है। इस बीच महाराष्ट्र के ठाणे में भी दक्षिण अफ्रीका से लौटे एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है।
कर्नाटक के मंत्री सुधाकर ने कहा कि वह अभी इस वैरिएंट को लेकर अधिकृत रूप से कुछ नहीं कह सकते हैं, लेकिन वह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (ICMR) के संपर्क में हैं। सुधाकर ने बेंगलुरु में पत्रकारों से चर्चा में कहा, 'यहां बीते नौ माह से डेल्टा वैरिएंट ही पाया गया था, लेकिन आप कह रहे हैं कि एक सैंपल ओमिक्रॉन का है। मैं इसके बारे में अधिकृत रूप से कुछ नहीं कह सकता हूं। मैं आईसीएमआर और केंद्र सरकार के संपर्क में हूं।' उन्होंने कहा कि यह सैंपल आईसीएमआर को भेजा गया है।
डेल्टा से अलग पाया गया सैंपल
कोरोना संक्रमित व्यक्ति, जिसका सैंपल डेल्टा से अलग पाया गया है, उसका नाम उजागर करने से इनकार करते हुए मंत्री सुधाकर ने कहा कि उसकी कोविड रिपोर्ट से पता चला है कि वह नोवेल कोरोना वायरस के एक अलग वैरिएंट के संपर्क में आया है।
63 साल का है संक्रमित व्यक्ति
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति 63 साल का है और उसका नाम मुझे उजागर नहीं करना चाहिए। उसकी रिपोर्ट कुछ अलग है। यह डेल्टा वैरिएंट से अलग दिखाई देती है। हम इसके बारे में आईसीएमआर के अधिकारियों के साथ विचार करेंगे और संभवत: शाम तक पता चल जाएगा कि यह कौनसे वैरिएंट से संक्रमित है।
मंत्री सुधाकर ने कहा कि हमने गत मंगलवार को अपने विभाग के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की थी। इसमें नए वैरिएंट को लेकर किए जाने वाले सतर्कता उपायों पर विचार किया गया था। इस बैठक में कोविड-19 की तकनीकी परामर्श समिति के सदस्यों को भी बुलाया गया था।
ओमिक्रॉन पर मांगी विस्तृत रिपोर्ट
उन्होंने कहा कि मैंने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। हमें एक दिसंबर तक स्पष्ट सूचना मिल जाएगी कि ओमिक्रॉन किस तरह का व्यवहार करता है। इसके जीनोम अनुक्रमण से यह पता चल जाएगा। इसे देखने के बाद ही हम इससे बचाव के सारे उपाय करेंगे।