शिमला मस्जिद मामले पर संबित पात्रा ने कहा कि 'कांग्रेस के ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भी सदन में कहा कि जमात के लोग कहां से आ रहे हैं। उन्होंने लव जिहाद का भी मुद्दा उठाया तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। म्युनिसिपल कोर्ट ने भी मस्जिद की वैधता के दस्तावेज पेश करने के लिए 45 बार नोटिस दिया है, लेकिन कोई दस्तावेज पेश नहीं किए गए।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ के घर जाने पर विपक्ष के विरोध पर भाजपा ने कड़ा प्रहार किया है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे लोकतंत्र की भावना के अनुसार सबको साथ लेकर चलने वाली भावना के अनुकूल बताया। इसके पूर्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणपति पूजा में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम की फोटो अपने एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए लोगों को गणपति पूजा की शुभकामनाएं भी दी हैं। लेकिन विपक्षी दलों के कई नेताओं के द्वारा इसकी आलोचना की जा रही है।
विज्ञापन
'जो लोग विरोध कर रहे हैं, वे असल में गणपति पूजा का विरोध कर रहे'
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि 'हमारा देश लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत चलता है। इस व्यवस्था में आपसी मेलजोल और सहयोग से ही देश आगे बढ़ता है। लोकतंत्र के एक स्तंभ के शीर्ष नेता के द्वारा दूसरे स्तंभ के शीर्ष व्यक्ति से सौहार्दपूर्ण माहौल में मिलना किसी भी तरह गलत नहीं है।' उन्होंने कहा कि 'पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान इफ्तार पार्टी आयोजित की जाती थी, इसमें तत्कालीन पूर्व मुख्य न्यायाधीश शामिल भी होते थे। ऐसे में आज मुख्य न्यायाधीश के घर गणपति पूजा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने पर कोई विरोध नहीं होना चाहिए।' पात्रा ने कहा कि 'ऐसा लगता है कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, दरअसल वे गणपति पूजा का विरोध कर रहे हैं क्योंकि इसी समय देश के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं।'
शिमला मस्जिद मामले पर बोले- हिंदू पर लाठीचार्ज और अवैध मस्जिद का रिचार्ज...ये नहीं चलेगा
भाजपा नेता ने शिमला के संजौली में जारी मस्जिद विवाद पर भी पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि 'हिंदू संगठन और शिमला के आम लोग सड़कों पर उतरकर अवैध निर्माण के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। ये साफ है कि संबंधित मस्जिद अवैध है। कांग्रेस के ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भी सदन में कहा कि जमात के लोग कहां से आ रहे हैं। उन्होंने लव जिहाद का भी मुद्दा उठाया तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। म्युनिसिपल कोर्ट ने भी मस्जिद की वैधता के दस्तावेज पेश करने के लिए 45 बार नोटिस दिया है, लेकिन कोई दस्तावेज पेश नहीं किए गए। कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। अगर राहुल गांधी इल्हान उमर से मिल रहे हैं तो स्वभाविक है कि अवैध मस्जिदों के प्रति लगाव होगा और हिंदुओं पर लाठीचार्ज होगा। इल्हान उमर नहीं बोलेंगी कि अवैध मस्जिदों को हटाना चाहिए। भाजपा महिलाओं के खिलाफ लाठीचार्ज के खिलाफ है। हिंदू पर लाठीचार्ज औऱ अवैध मस्जिद का रिचार्ज..ये नहीं चलेगा।'
विज्ञापन
राहुल गांधी के वायरल वीडियो पर कसा तंज
राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर वायरल वीडियो पर संबित पात्रा ने कहा कि 'किसी ने उनसे राहुल गांधी से पूछा कि INDIA अलायंस में 'ए' का मतलब क्या होता है। कुछ देर सोचने के बाद राहुल गांधी को याद आया कि इसका मतलब 'अलायंस' होता है। राहुल गांधी ने कुछ देर सोचकर जवाब इसलिए दिया क्योंकि उन्हें लगता है कि 'ए' का मतलब 'एपीजमेंट' (तुष्टीकरण), अपराध या 'एरोगेंस' (अहंकार) होता है। 'ए' का मतलब अपराध जैसा कि टीएमसी बंगाल में कर रही है। ए मतलब एपीजमेंट, जैसा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में कर रही है। ए मतलब एरोगेंस, जैसा कि कांग्रेस और इसकी सहयोगी पार्टियां दिखा रही हैं, जो सीजेआई जैसे संस्थान को राजनीति में घसीट रही हैं। वे अपने अहंकार में गणेश उत्सव पर भी राजनीति कर रहे हैं।'