पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का जोर अपने चरम पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पार्टियां मतदाताओं को खींचने के लिए प्रचार पर पूरा जोर लगा रही हैं। सोमवार को अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कोलकाता में ममता बनर्जी के समर्थन में प्रचार किया। तृणमूल प्रत्याशियों के प्रचार के लिए पहुंची अभिनेत्री व सपा सांसद जया बच्चन ने सोमवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला।
समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कोलकाता में कहा, 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए मेरे मन में अत्यंत प्रेम और सम्मान हैं। वे अकेले ही सभी अत्याचारों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही हैं। मेरी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने मुझे पश्चिम बंगाल जाने और ममता बनर्जी का सहयोग करने के लिए कहा है।'
बंगालियों को डराने-धमकाने में कभी कोई सफल नहीं हुआ
जया बच्चन ने कहा कि बंगालियों को डराने-धमकाने में कभी कोई सफल नहीं हुआ है। पूर्व अभिनेत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ रहीं हैं।
तृणमूल कांग्रेस के मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जया बच्चन ने कहा, वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर टीएमसी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए आईं हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का एक पैर टूट गया है, फिर भी वह संघर्ष कर रहीं हैं। अत्याचार के खिलाफ वह अकेले लड़ रहीं हैं। उन्होंने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि कोई भी आज तक बंगालियों को डरा नहीं पाया है। बंगालियों ने डराने-धमकाने से कभी अपना सिर नहीं झुकाया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल को महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित राज्य बताया। जया बच्चन ने कहा, ममता बनर्जी अपने अधिकारों और बंगाल के सम्मान के लिए लड़ रही हैं। उन लोगों को शर्म आनी चाहिए जो उनकी आलोचना करते हैं।
जया बच्चन ने ममता बनर्जी के लिए कहा, 'उनका सर फूटा, पैर टूटा लेकिन वह (भाजपा) उनके (ममता बनर्जी के) दिल, दिमाग और आगे बढ़ कर बंगाल को दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनाने के दृढ़ निश्चय को नहीं तोड़ पाए।' जया बच्चन ने आगे कहा, 'मैं मानती हूं कि ममता बनर्जी जो करना चाहती हैं वह हर हालत में कर के रहेंगी।'
सामान्य लोगों को उम्मीदवार नहीं बनाती भाजपा: सयंतिका बनर्जी
अभिनेत्री और तृणमूल कांग्रेस की नेता सयंतिका बनर्जी ने कहा, 'भाजपा के पास उम्मीदवारों की कमी है क्योंकि वह सांसदों को विधायकी के चुनाव में खड़ा कर रहे हैं और अभिनेताओं की मदद ले रहे हैं। वह सामान्य लोगों को प्रत्याशी नहीं बनाते, वे या तो सांसदों या विधायकों को चुनते हैं या अभिनेता प्रत्याशियों की मदद लेते हैं।'
सयंतिका ने कहा कि इस चुनाव का परिणाम आने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने दावा किया तृणमूल कांग्रेस जीत हासिल करेगी और ममता बनर्जी एक बार फिर राज्य की मुख्यमंत्री बनेंगी।
आठ चरणों में हो रहे चुनाव, छह अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर आठ चरण में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 27 मार्च और दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को हुई। अब छह अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान होगा। अंतिम चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल को डाले जाएंगे। दो मई को मतगणना होगी और परिणाम आएगा।
बाबुल सुप्रियो बोले- जया बच्चन भाजपा के खिलाफ बोलेंगी, लेकिन मेरे खिलाफ नहीं
सपा सांसद व अभिनेत्री जया बच्चन पश्चिम बंगाल में पांच से आठ अप्रैल तक टीएमसी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगी। जया बच्चन यहां टॉलीगंज सीट से टीएमसी प्रत्याशी प्रत्याशी अरूप विश्वास के समर्थन में भी प्रचार करेंगी। भाजपा ने अरूप विश्वास के खिलाफ केंद्रीय मंत्री व सांसद बाबुल सुप्रियो को मैदान में उतारा है। जया बच्चन के प्रचार पर बाबुल सुप्रियो ने कहा, मैं उनका पश्चिम बंगाल में स्वागत करता हूं। हालांकि उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध नहीं हैं, लेकिन वह मुझे बहुत अच्छे से जानती हैं। वह भाजपा के खिलाफ बोल सकतीं हैं, लेकिन मेरे खिलाफ कभी कुछ नहीं बोलेंगी।