केरल में महिलाओं के मंदिर में प्रवेश के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए एक ट्रैवल अडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करने को कहा गया है। ब्रिटेन ने भारत की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों को आगाह करते हुए सतर्क रहने को भी कहा है।
विदेश और राष्ट्रमंडल कार्यालय (एफसीओ) ने शुक्रवार को कहा कि जो भी ब्रिटिश नागरिक केरल यात्रा की योजना बना रहे हैं, उन्हें मीडिया में आने वाली खबरों पर नजर बनाए रखने की जरूरत है। बता दें एफसीओ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा को लेकर परामर्श जारी करता है।
एफसीओ ने अपने परामर्श में कहा है, "केरल के सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर राज्य के शहरों और कस्बों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के चलते कुछ लोक सेवाएं बाधित हुई हैं।" परामर्श में लोगों से ये भी कहा गया है कि कर्फ्यू संबंधी बंदिशों पर अमल करें।