प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के दौरान रूस के उप-प्रधानमंत्री दिमित्री पात्रुशेव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कृषि, उर्वरक और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में रूस के उप-प्रधानमंत्री दिमित्री पात्रुशेव से मिलकर खुशी हुई। हमने कृषि, उर्वरक और खाद्य प्रसंस्करण में अपने लाभकारी सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।'
पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को दी बधाई
पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दिमित्री पात्रुशेव ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कृषि, उर्वरक, खाद्य प्रसंस्करण व अन्य साझा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बधाई दी और कहा कि वे 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत में पुतिन का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
ये भी पढ़ें: MiG-21: 6 दशक की शौर्यता के बाद मिग-21 लड़ाकू विमान की आखिरी उड़ान; स्क्वाड्रन लीडर प्रिया होंगी अंतिम पायलट
भारत में विविधता-मांग और पैमाने की तिहरी ताकत मौजूद
वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के निवेशक, खासकर खाद्य क्षेत्र के, भारत को बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा, 'भारत में विविधता, मांग और पैमाने की तिहरी ताकत मौजूद है।'
भारत हर तरह के अनाज का करता है उत्पादन
पीएम मोदी ने कहा कि भारत हर तरह का अनाज, फल और सब्जियां पैदा करता है और यही विविधता देश को वैश्विक परिदृश्य में विशिष्ट स्थान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हर सौ किलोमीटर पर व्यंजन और उनके स्वाद बदल जाते हैं, जो भारत की समृद्ध पाक विविधता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह मजबूत घरेलू मांग भारत को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त देती है और इसे निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाती है।
बीते 10 वर्षों में 25 करोड लोग गरीबी से निकले
पीएम मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से निकलकर नियो मिडिल क्लास का हिस्सा बने हैं, जो देश का सबसे ऊर्जावान और महत्वाकांक्षी वर्ग है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा हर क्षेत्र में नवाचार कर रहे हैं और खाद्य क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है।
भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम
पीएम मोदी ने बताया कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है और कई स्टार्टअप खाद्य व कृषि क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जहां एआई, ई-कॉमर्स, ड्रोन और मोबाइल एप जैसी तकनीकें सप्लाई चेन, रिटेल और प्रसंस्करण को बदल रही हैं। पीएम मोदी ने निवेशकों से कहा कि विविधता, मांग और नवाचार भारत को सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बनाते हैं और यही सही समय है कि भारत में निवेश और विस्तार किया जाए।
ये भी पढ़ें: UK: मेयर सादिक खान के बचाव में उतरे PM स्टार्मर, ट्रंप के लंदन में शरिया कानून लागू होने वाले बयान को बताया 'बकवास'
25 से 28 सितंबर तक भारत मंडप में आयोजित हो रहा वर्ल्ड फूड इंडिया 2025
दरअसल, वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 का आयोजन 25 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। इसमें भारत की खाद्य प्रसंस्करण क्षमता, स्थिरता और पौष्टिक व ऑर्गेनिक खाद्य उत्पादन को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के औपचारिकीकरण (PMFME) योजना के तहत 2,510 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परियोजनाओं के लिए लगभग 26,000 लाभार्थियों को 770 करोड़ रुपये से ज्यादा का क्रेडिट लिंक समर्थन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में 21 देश ले रहे भाग
इस कार्यक्रम में सीईओ गोलमेज बैठकें, तकनीकी सत्र, प्रदर्शनी और बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी), बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (बी2जी) व गवर्नमेंट-टू-गवर्नमेंट (जी2जी) मीटिंग्स होंगी। इसमें 21 देशों की भागीदारी है, जिनमें फ्रांस, जर्मनी, ईरान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, डेनमार्क, इटली, थाईलैंड, इंडोनेशिया, ताइवान, बेल्जियम, तंजानिया, इरिट्रिया, साइप्रस, अफगानिस्तान, चीन और अमेरिका शामिल हैं। इसके अलावा, इसमें 150 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।