भारत में रूस के नामित राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि अमेरिका मखमली दस्तानों में तानाशाह है, जो लोकतंत्र और स्वतंत्रता की आड़ में अपने वैश्विक वर्चस्व की आकांक्षा रखता है।
- अलीपोव ने कहा, अमेरिका परामर्श भागीदारों व सहयोगियों के बहाने वैश्विक व्यवस्था गढ़ता है। जो देश अमेरिका का भागीदार बनना बंद कर देते हैं, वे उसके दुश्मन हो जाते हैं। उसका रवैया मखमली दस्ताने पहने तानाशाह जैसा है।
- अलीपोव ने कहा, रूस पर जंग छेड़ने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि यूक्रेन में आठ साल से युद्ध चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, यूक्रेनी सेना वर्षों से डोनबास के आवासीय क्षेत्रों में गोलाबारी कर रहे हैं।
अलीपोव ने कहा, हम भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत की जांच कराएंगे। नवीन की खारकीव पर भारी बमबारी के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने रूस और यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने को कहा है।
भारत का शुक्रिया...भारतीयों को निकालने में देंगे पूरी मदद
अलीपोव ने मौजूदा संघर्ष में निष्पक्ष व तटस्थ स्थिति रखने के लिए भारत को धन्यवाद और यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने में मदद का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा, हम भारत के रणनीतिक सहयोगी हैं। रूस संयुक्त राष्ट्र में संतुलित स्थिति के लिए भारत का आभारी है। भारत इस संकट की गहराई समझता है।