देश में बड़े नोट बदलने के बाद नकदी को लेकर हो रही किल्लत पर सरकार की ओर से पक्ष रखते हुए आर्थिक मामलों के सचिव शशिकांत दास ने कहा कि सरकार नकदी की समस्या से जूझ रही जनता के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा दो लाख कर्मचारी इसी काम में लगे हैं जिसके परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।
नोट बैन से जुड़े मुद्दे पर प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दास ने कहा कि लोगों की दिक्कतों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सरकार बैंक और पोस्ट ऑफिस व्यवस्था को और मजबूत कर रही है। एटीएम की समस्या भी बहुत जल्द दूर कर ली जाएगी। इस पर काफी तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एटीएम के खांचे बदलने का काम चल रहा है, इसलिए अभी हर एटीएम से ढाई हजार रुपये नहीं निकल सकेंगे। जिनमें तकनीकी बदलाव हो चुका है उन्हीं एटीएम से ढाई हजार रुपये निकल सकेंगे। हालांकि कुछ एटीएम से कल से 2 हजार के नोट निकलने शुरू हो जाएंगे।
बैंकों से हफ्तेभर में निकाले जा सकेंगे 24 हजार रुपये
- फोटो : ANI
इसके अलावा सरकारी अस्पताल, पेट्रोल पंप, रेलवे, रोडवेज पर 24 नवंबर तक पुराने नोट चलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब बैंकों से हफ्ते में 24 हजार रुपये तक निकाल सकेंगे। जिससे लोगों की समस्याएं काफी हद तक दूर हो जाएंगी।
वहीं ग्रामीण इलाकों पर सरकार का विशेष ध्यान है इसलिए वहां नकदी पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए बैंकों के दो लाख कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। पिछले चार दिनों में भी बैंक कर्मचारियों ने शानदार काम किया है। इस दौरान कुल देश में 18 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए हैं।
दास ने बताया कि प्राइवेट मेडिकल स्टोर पर 24 नवंबर तक पुराने नोट ही चलेगे, इसके अलावा निजी बिजली कंपनियां भी पुराने नोट स्वीकार करेंगे। अस्पतालों के पास मोबाइल बैंकिंग वैन भी खड़ी की जाएंगी, जिससे लोगों को नोट निकालने में दिक्कत न हो।
पेंशन पाने वाले 15 जनवरी तक जमा कर सकते हैं लाइफ सर्टिफिकेट
उन्होंने बताया कि बैंकों के बाहर अब चार लाइने लगेंगी, जिनमें जमा करने वालों की लाइन अलग, निकालने वालों की अलग और जो पैसे बदलना चाहते हैं उनके लिए अलग लाइन लगाई जाएगी। इसके अलावा एक लाइन दिव्यांगों के लिए भी होगी जिससे उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।
बड़ी संख्या में माइक्रो एटीएम लगाए जाएंगे। माइक्रो एटीएम भी सामान्य एटीएम की तरह काम करेंगे। जिससे लोग आसानी से पैसे निकाल सकेंगे। एक दिन में अधिकतम दस हजार रुपये निकालने की पाबंदी भी हटा दी गई है।
दास ने एक बड़ी घोषणा ये भी कि पेंशन पाने वालों को हर साल नवंबर माह में अपने लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने होते हैं सरकार ने अब उसकी अवधि 15 जनवरी तक बढ़ा दी है। इसलिए लोग आराम से अब अगले दो माह तक अपने सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।