टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा के शादी के रिसेप्शन को लेकर बंगाल के नादिया जिले में बवाल मच गया है। वहीं इस कार्यक्रम को लेकर जहां एक ओर भाजपा ने सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और आम जनता को असुविधा का आरोप लगाया है, वहीं टीएमसी ने इसे विपक्ष की सस्ती राजनीति बताया है।
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा और बीजद नेता पिनाकी मिश्रा के शादी रिसेप्शन को लेकर पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के करीमपुर में विवाद छिड़ गया है। शनिवार को हुए इस कार्यक्रम में लगभग 6000 मेहमान शामिल हुए, लेकिन भाजपा युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया और आम जनता को असुविधा हुई। यह समारोह करीमपुर रेगुलेटेड मार्केट ग्राउंड में आयोजित किया गया था।
भाजपा युवा नेता का आरोप
भाजयुमो नेता कृषाणु सिन्हा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'महुआ मोइत्रा जी को शुभकामनाएं, लेकिन सवाल यह है कि 6000 से अधिक लोगों के लिए जो आयोजन हुआ, उसमें पूरे मैदान को पंडाल और रोशनी से सजाया गया। करोड़ों रुपये खर्च हुए। बहुत अच्छा है, लेकिन क्या आम जनता को ऐसी सुविधाएं मिलती हैं?' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस आयोजन के कारण करीमपुर स्टैंड के आसपास बस सेवाएं बाधित हुईं और प्रशासन ने निजी कार्यक्रम के लिए सार्वजनिक मैदान देने की अनुमति क्यों दी, जबकि पिछले कुछ वर्षों से धार्मिक कार्यक्रमों जैसे कीर्तन या बाउल मेला के लिए अनुमति नहीं दी जा रही थी।
विज्ञापन
भाजयुमो पर टीएमसी का पलटवार
वहीं इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी विधायक रुक्बानुर रहमान ने कहा कि ये आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा 'भाजपा अब विवाह समारोह पर राजनीति कर रही है। यह उनकी मानसिक दिवालियापन की निशानी है।' उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन से सारी आवश्यक अनुमति ली गई थी और पूरा खर्च दंपति ने खुद उठाया। उन्होंने आगे कहा, 'हमारे सांसद की ओर से आयोजन बहुत सादगी और आत्मीयता से किया गया था। पिनाकी मिश्रा सभी मेहमानों से विनम्रता से मिले। मंत्री उज्ज्वल बिस्वास समेत कई विधायक और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।'
विवाद पर स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
मामले में करीमपुर और आसपास के कुछ निवासियों ने बताया कि आयोजन के कारण यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन कई लोगों ने यह भी कहा कि 'इस तरह के कार्यक्रम से इलाके में रौनक लौट आई।' बता दें कि नदिया जिले की करीमपुर से लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा और ओडिशा से बीजद सांसद पिनाकी मिश्रा ने कुछ महीने पहले जर्मनी में विवाह किया था।