इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने डाकघरों में 1.36 लाख डेस्क बनाए
डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने एमईआईटीवाई के साथ मिलकर नवंबर 2020 में पेंशन और पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए यह पहल शुरू की थी। इसमें डाकिया के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए डोर स्टेप सर्विस मुहैया कराने का प्रावधान है। इसके लिए विभाग ने देशभर में उपलब्ध पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों के अपने विशाल नेटवर्क का उपयोग किया है। वे पेंशनभोगियों को डिजिटल रूप से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा उनके घर पहुंचकर प्रदान करते हैं। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा डाकघरों में 1,36,000 से अधिक डेस्क बनाए गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय नेटवर्क के तहत स्मार्टफोन और बायोमेट्रिक उपकरणों से लैस 1,89,000 से अधिक डाक सेवक व ग्रामीण डाक सेवक डोरस्टेप बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। पेंशनर को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए गूगल प्ले स्टोर से Postinfo APP डाउनलोड करना होगा।
डीओपीपीडब्ल्यू ने 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में भी 'वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र' जमा कराने की सुविधा प्रदान की है। इसके जरिए 100 प्रमुख शहरों में ग्राहक 'डोर स्टेप बैंकिंग' करते हैं। ईज ऑफ बैंकिंग रिफॉर्म्स के तहत देश के पीएसबी एलायंस ने डोरस्टेप बैंकिंग के द्वारा जीवन प्रमाण पत्र के संग्रह के लिए सेवा शुरू की है। डीएसबी एजेंट सेवा प्रदान करने के लिए पेंशनभोगी के दरवाजे पर जाएगा। पेंशनभोगी द्वारा किसी भी तीन चैनलों के माध्यम से यह सेवा बुक की जा सकती है। तीन चैनलों में मोबाइल एप, वेबसाइट या टोल फ्री नंबर शामिल हैं। मोबाइल ऐप यानी 'डोरस्टेप बैंकिंग' को गूगल प्लेस्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। पेंशनभोगी वेब ब्राउजर यानी https://doorstepbanks.com और https://dsb.imfast.co.in/doorstep/login के जरिए एक्सेस कर सकते हैं। टोल फ्री नंबर 18001213721, 18001037188 पर संपर्क कर उक्त सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।