रिलायंस जियो के सिम की बिक्री व उसके चालू होने के साथ ही रिलायंस की कई शर्तों का भी खुलासा हो रहा है। रिलायंस जियो की तरफ से 5 सितंबर से लेकर आगामी 31 दिसंबर 2016 तक डाटा का इस्तेमाल मुफ्त में देने की सुविधा दी गई है। लेकिन एक सीमा के बाद इंटरनेट की गति धीमी हो जाएगी। शर्तों के मुताबिक मुफ्त डाटा के तहत एक उपभोक्ता को रोजाना 4जीबी 4जी डाटा दिया जाएगा। यह डाटा खत्म होने पर आपके फोन में चलने वाले इंटरनेट की स्पीड 128 केबीपीएस हो जाएगी, जो 2जी की स्पीड के बराबर होती है।
जियो की लॉन्चिंग की घोषणा के दौरान कहा गया था कि आगामी एक जनवरी से जब रिलायंस जियो का पेड प्लान आरंभ हो जाएगा तब रात में अनलिमिटेड इंटरनेट इस्तेमाल की सुविधा होगी। लेकिन ग्राहक रात 2 बजे से लेकर सुबह 5 बजे (तीन घंटे) तक ही अनलिमिटेड इंटरनेट का इस्तेमाल कर पाएंगे। उपभोक्ताओं के मुताबिक कॉल ड्राप की समस्या रिलायंस जियो के साथ बनी हुई है। आगामी एक जनवरी से आरंभ होने वाले पेड प्लान के तहत पोस्टपेड का शुरुआती प्लान 149 रुपये का है। वीडियो कॉलिंग फ्री होकर भी फ्री नहीं है। क्योंकि वीडियो कॉलिंग आपको दिए गए डाटा में से होगी।
जियो ऐप का सब्सक्रिप्शन एक साल के लिए फ्री है, लेकिन डाटा के लिए पैसे देने होंगे। बिना डाटा के ऐप नहीं चलेगा। मुफ्त एसएमएस के तहत ग्राहकों को हर दिन 100 मैसेज की सुविधा दी जाएगी। यह साफ नहीं है कि 100 से ज्यादा मैसेज पर पैसा लगेगा या नहीं।