छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी ने नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोमवार को पार्टी का घोषणापत्र भी जारी कर दिया है। जोगी ने कहा कि पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह पर विचार चल रहा है।
बिलासपुर के कोटमी में सोमवार को एक सभा में जोगी ने कांग्रेस और भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता के लिए नई पार्टी की जरूरत थी। उन्होंने कहा, 'अब मैं आजाद हो गया हूं। छत्तीसगढ़ के फैसले अब दिल्ली में नहीं लिए जाएंगे। छत्तीसगढ़ को रमन सिंह से मुक्त कराया जाएगा।'
अजित जोगी ने जनता से वादा किया है कि जब उनकी पार्टी की सरकार बनेगी, तो वह छत्तीसगढ़ को देश का पहला टैक्स फ्री राज्य बना देंगे।
अजित जोगी की पत्नी रेणु जोगी कोटा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं, जबकि उनके बेटे अमित जोगी मरवाही से विधायक हैं। सोमवार को जब जोगी ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया, तब उनकी पत्नी और बेटे के अलावा कांग्रेस के दो विधायक भी मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ में 2014 में एक उपचुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार को मैदान छोड़ने के लिए कथित लेन-देन का टेप सार्वजनिक होने के मामले में कांग्रेस ने इसी साल जनवरी में अमित जोगी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।