देवड़ा ने राउत से कहा- बयान वापस लें
कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कहा, 'इंदिरा जी एक सच्ची देशभक्त थीं जिन्होंने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा से कभी समझौता नहीं किया। कांग्रेस का पूर्व अध्यक्ष होने के नाते मैं मांग करता हूं कि संजय राउत जी अपने बयान को वापस लें। पूर्व प्रधानमंत्रियों की विरासत को लेकर बयान देने से पहले राजनेताओं को समय बरतना चाहिए।'
राउत के बयान पर कांग्रेस ने मांगा सबूत
संजय राउत के बयान पर कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता ने कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सापरा ने कहा, 'राउत ने जो कहा है, वह उसका सबूत दें। हम इस बयान को सही नहीं मानते।' बता दें कि महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी और शिवसेना ने मिलकर सरकार बनाई है।
भाजपा ने बताया कांग्रेस और अंडरवर्ल्ड का रिश्ता
राउत के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा, 'संजय राउत ने जो कहा है यदि वह सही है तो इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्हें अपने दावे के सबूत पेश करने चाहिए और कांग्रेस को उनके इस बयान का खंडन करना चाहिए। कांग्रेस और अंडरवर्ल्ड का रिश्ता पुराना है।'
कौन था अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला
अंडरवर्लड डॉन करीम लाला का पूरा नाम अब्दुल करीम शेर खान था। उसका जन्म अफगानिस्तान में हुआ था। वह 1930 में मुंबई आया था। लाला साल 1960 से 1980 के बीच मुंबई में अंडरवर्ल्ड का एक बड़ा नाम बन गया था। वह देश की आर्थिक राजधानी में सोने, चांदी और हथियारों की तस्करी किया करता था।
कौन था अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान
हाजी मस्तान तमिलनाडु का रहने वाला था। वह आठ साल की उम्र में मुंबई आया था। उसने पहले साइकिल की दुकान खोली फिर 1944 में डॉक पर कुली बन गया। डॉक पर ही उसने तस्करी का काम शुरू किया। वह विदेशों से सोने के बिस्किट, फिलिप्स के ट्रांजिस्टर और ब्रांडेड घड़ियों की तस्करी करता था।