राज्य में करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले की जांच के संबंध में पूछताछ के लिए बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) के अधिकारियों के सामने फरार टीएमसी नेता शाहजहां शेख पेश नहीं हुए। एजेंसी के एक अधिकारी ने मामले की जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि शाम को शाहजहां शेख के वकील ईडी कार्यालय पहुंचे और इस दौरान अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए अधिक समय मांगा।
आरोपी नहीं बल्कि वकील पहुंचा ईडी
मामले से जुड़ी जानकारी देते हुए ईडी के अधिकारी ने कहा कि आरोपी टीएमसी नेता के वकील के आग्रह को एजेंसी ने अस्वीकार कर दिया है और उनके वकील को वापस भेज दिया गया है। जांच सिलसिले में पूछताछ के लिए शाहजहां शेख को ईडी का यह दूसरा समन था। ईडी अधिकारी ने कहा कि टीएमसी नेता पूछताछ के लिए हमारे कार्यालय नहीं आए। हमारे अधिकारी सवालों के सेट के साथ उनका इंतजार करते रहे।
ईडी अधिकारी करते रहे इंतजार, नहीं पहुंचा आरोपी
बता दें कि ईडी की एक टीम कोलकाता के पास साल्ट लेक इलाके में सीजीओ कॉम्प्लेक्स में एजेंसी के कार्यालय में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली के टीएमसी नेता का इतंजार करती रही। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, अगर टीएमसी नेता के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। यदि वह समन का जवाब नहीं देते तो, उनकी संपत्ति जब्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने शाहजहां शेख और उनके परिवार के सदस्यों की संपत्तियों पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। संदेशखाली में उनके घर को सील कर दिया गया है, कब्जे की प्रक्रिया जारी है।
ईडी ने आवास को किया था सील
24 जनवरी को ईडी ने घोटाले के सिलसिले में तलाशी अभियान के बाद शाहजहां शेख के आवास को सील कर दिया था। इससे पहले, पांच जनवरी को ईडी अधिकारियों की एक टीम पर भीड़ द्वारा हमला किया गया था, जब उन्होंने संदेशखाली में टीएमसी नेता के आवास में प्रवेश करने की कोशिश की थी। इस हमले में एजेंसी के तीन अधिकारी घायल हो गए थे।