महिलाओं के प्रति अपराध के मामलों में जागरूकता फैलाने के लिए मंगलवार शाम को राष्ट्रपति भवन नारंगी रोशनी से जगमगाया। यह संयुक्त राष्ट्र के एक अभियान तहत महिलाओं के खिलाफ अत्याचार को समाप्त करने के उद्देश्य किया गया।
बता दें कि इस समय हैदराबाद दुष्कर्म मामले के बाद पूरे देश में महिला अपराधों के खिलाफ एक माहौल बना हुआ है। हालहीं में निर्भया कांड के दोषियों को भी फांसी की सजा की खबरें भी सामने आ रही हैं।
संयुक्त राष्ट्र की ओर से महिलाओं पर हो रही हिंसा पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम में भारत ने सबसे आगे बढ़कर अपना समर्थन दिया है। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने महिलाओं व लड़कियों के प्रति हिंसा समाप्त करने के लिए सभी देशों से आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि 'हमें पीड़ितों, समर्थकों और महिला अधिकारों के रक्षकों के साथ अधिक एकजुटता दिखानी चाहिए और हमें महिलाओं के अधिकारों व समान अवसरों को बढ़ावा देना चाहिए। हम सब को एक साथ मिलकर हर तरह के यौन दुराचारों और दुष्कर्मो का खात्मा करने के लिए कोई ठोस कदम उठाने चाहिए।
बता दें कि बीते कुछ दिनों में देश में महिलाओं के खिलाफ बेहद क्रूर तरीके से की गई हिंसा ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।28 नवंबर को हैदराबाद में महिला को रेप के बाद दरिंदों ने जिंदा जला दिया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के उन्नाव में भी रेप पीड़िता को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया था।