राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर अच्छे दिनों का झूठा नारा देने का आरोप लगाया। वहीं, विपक्ष ने इसे आस्था से जुड़ा विश्वासघात बताते हुए प्रधानमंत्री से जवाब मांगा। पढ़िए रिपोर्ट-
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को लूटा गया है और भगवान राम के नाम पर भी कथित अनियमितताओं को अंजाम दिया गया। सिब्बल ने कहा, मोदी सरकार का 'अच्छे दिन' का नारा भी झूठा साबित हुआ है।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पोस्ट में सिब्बल ने क्या कहा?
कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, इस सरकार को हराओ। राम को लूटा, देश को लूटा, अच्छे दिन का नारा झूठा। उन्होंने आगे कहा, ऐसे शासन को तोड़ेंगे, मिलकर देश को जोड़ेंगे, न दिलों का होगा बंटवारा, सबका देश है देश हमारा।
विपक्ष ने पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए
विपक्ष ने अयोध्या राम मंदिर में दान में कथित घोटाले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने भी सरकार से जवाब मांगा। पार्टी ने कहा कि यह केवल वित्तीय घोटाला नहीं, बल्कि आस्था के साथ विश्वासघात है, क्योंकि राम मंदिर निर्माण को भाजपा ने राष्ट्रीय आंदोलन बताया था। देशभर से लोगों ने दान दिया था।
यूपी सरकार ने किया एसआईटी का गठन
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। इसमें लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल थे।
एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं।
ये सभी राम मंदिर में दान की गई नकदी और कीमती वस्तुओं की गिनती से जुड़े हुए थे।
सोमवार को अयोध्या की स्थानीय अदालत ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।