राज्यसभा में नोएडा एनकाउंटर मामले को लेकर जोरदार हंगामा हुआ जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। बजट पेश होने के बाद सोमवार से संसद का बजट सत्र दोबारा शुरू हुआ था।
समाजवादी पार्टी के नेता नरेश अग्रवाल ने इस मामले में
राज्यसभा में जमकर हंगामा काटा। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडु ने लगातार जीरो आवर चलाने की अपील की। वहीं लोकसभा को भी कैराना से सांसद हुकुम सिंह के निधन की वजह से पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।
आपको बता दें कि नोएडा में दो युवकों को गोली मारने के बाद उसे एनकाउंटर करार देने वाले दरोगा का फर्जी मामला सामने आया था। दरोगा को गिरफ्तार कर लिया गया था और यूपी पुलिस ने दरोगा के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी।
पुलिस ने इस मामले को व्यक्तिगत विवाद का मामला बताते हुए एनकाउंटर मानने से इनकार कर दिया था। पुलिस के मुताबिक जिस शख्स को गोली लगी थी वह जिम ट्रेनर है और उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था।