डॉ. रणजीत सिंह के मुताबिक, 29 जून से पहले गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, अगर पश्चिमी विक्षोभ या वेस्टर्न डिस्टर्बेन्स हो जाए तो। बता दें कि सर्दी में कोहरा या बर्फबारी पश्चिमी विक्षोभ के चलते ही होती है। गर्मी में इसकी फ्रीक्वेंसी (आवृत्ति) कम हो जाती है और यह पहाड़ों की ओर बढ़ने लगता है। जैसे आजकल पहाड़ों पर बरसात और बर्फबारी हो रही है। दिल्ली और इसके साथ लगते राज्यों में अभी तापमान 45 डिग्री या इससे ऊपर जा सकता है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ आ जाता है तो कहीं-कहीं पर गर्मी से राहत मिल जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ हर सप्ताह आता है। कई बार यह पहाड़ों तक ही सीमित रहता है। इससे कश्मीर या हिमाचल प्रदेश में तो राहत मिल जाती है, बाकी राज्य गर्मी की मार झेलते हैं। यदि पश्चिमी विक्षोभ गहरा होगा तो ही राजस्थान, यूपी के कुछ हिस्सों और पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में गर्मी से राहत मिल पाएगी।