भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर रघुराम राजन का मानना है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कुछ बोलेंगे तो समस्या हो जाएगी। अपने मुखर विचारों के कारण अक्सर सरकार की आलोचना करने के नजरिए से देखे जाने वाले राजन को बीबीसी के साथ एक साक्षात्कार में संक्षेप में मोदी के बारे में विचार रखने को कहा गया था।
शिकागो यूनिवर्सिटी से छुट्टी पर चल रहे फाइनेंस के प्रोफेसर राजन ने कहा, ‘मेरा ख्याल है कि मैं इस सवाल को छोड़ दूं। मैं जो भी उत्तर दूंगा उससे समस्या हो सकती है, इसलिए इसे छोड़ दूंगा।’
4 सितंबर को आरबीआई के गवर्नर का कार्यकाल पूरा कर रहे राजन ने सहिष्णुता से लेकर सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ तक पर बयान दिए थे, जिनसे विवाद उत्पन्न हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पूर्व अर्थशास्त्री राजन ने राजनीति में आने से भी इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘यह ऐसी जगह है जहां मेरी पत्नी सब पर भारी पड़ती है और उनका जवाब ‘ना’ है।’