कोरोना वायरस के लिए अधिकृत अस्पतालों में बेड की कमी से जूझ रही दिल्ली सरकार ने भारतीय रेलवे से मदद मांगी थी। इसके बाद दिल्ली में कोरोना वायरस रोगियों के इलाज के लिए रेलवे का पहला आइसोलेशन कोच तैनात किया गया है।
रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार दिल्ली सरकार को सौंपी गई कोविड-19 स्पेशल ट्रेन में कुल 10 कोच हैं। इस ट्रेन में करीब 160 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई है और कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इलाज व क्वारंटीन से संबंधित सभी इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी एक वातानुकूलित कोच को तैनात किया गया है।
रेलवे के दिल्ली डिवीजन की तरफ से दिल्ली सरकार को पत्र लिख कर बताया गया है कि आइसोलेशन कोच में पानी, बिजली, चादर, आक्सीजन सिलेंडर आदि की व्यवस्था रेलवे की तरफ से होगा। साथ ही वहां सुरक्षा के लिए सुरक्षा बलों को भी तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा शकूरबस्ती वाशिंग लाइन में कुछ कमरे भी दिल्ली सरकार को दिए जाएंगे ताकि वहां मरीजों की देखभाल से संबंधित कार्य के लिए तैयारी हो सके।
रेलवे ने 5,231 डिब्बों को आइसोलेशन के लिए तैयार किया है, उनमें से 100 डिब्बों पर नए रंग चढ़ाए जा रहे हैं, ताकि जून-जुलाई की गर्मी में भी उसके अंदर रहने वालों को कम गर्मी का अहसास ना हो।