रेलवे ने टिकट बुकिंग के लिए हिंदी में भी UTS ऐप की सुविधा मुहैया कराई है। इसके जरिए रेल यात्रा के इच्छुक लोग आसानी से अनारक्षित टिकट बुक करा सकेंगे।
ऐप डाउनलोड करने के बाद यात्री रेल-वॉलेट, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई और ई-वॉलेट जैसे विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म से पेमेंट कर टिकट बुक कर सकते हैं। जो यात्री रेल-वॉलेट का उपयोग करेंगे, उन्हें रिचार्ज पर पांच फीसदी बोनस भी मिलेगा।
यूटीएस ऐप की जरूरत क्यों पड़ी?
पहले अनारक्षित रेलवे टिकट स्टेशनों के बुकिंग काउंटरों से ही बेचे जाते थे। यहां लंबी कतारें लगती थीं और यात्रियों को काफी इंतजार व परेशानी का सामना करना पड़ता था। यात्रियों को इस परेशानी से बचाने के लिए रेलवे टिकट एजेंट और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गईं। यह बड़े स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई थीं। इसमें भी यात्रियों का सामने होना बेहद जरूरी था। इसे भी दूर करते हुए UTS मोबाइल ऐप को पेश तैयार किया गया है। यह अब हिंदी भाषा में भी काम करेगा।
भारतीय रेलवे ने इस ऐप को खुद विकसित किया गया है। पहले यह अंग्रेजी भाषा में ही उपलब्ध था। मंत्रालय के अनुसार, ऐप के वर्तमान में लगभग 1.47 करोड़ रजिस्टर्ड यूजर्स हैं।
इस तरह करें ऐप पर रजिस्टर
- आप यूटीएस ऐप को गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।
- इसके लिए अपना नाम, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करना होगी।
- इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा।
- यह ओटीपी दर्ज करने के बाद, खाते तक पहुंचने के लिए लॉगिन आईडी और पासवर्ड आपके मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है।
- इसके बाद आप लॉगिन कर टिकट बुकिंग व अन्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
दिसंबर 2014 में लांच हुआ था यह ऐप
UTS ऐप को दिसंबर 2014 में पहली बार लॉन्च किया गया था। सबसे पहले यह सेवा मुंबई में उपलब्ध कराई गई थी। नवंबर 2018 से यह ऐप क्षेत्रीय रेलवे जोनों में भी उपलब्ध करा दी गई। इस एप के माध्यम से यात्री आसानी से अनारक्षित जनरल टिकट बुक और कैंसल कर सकते हैं।