Parliament: कांग्रेस ने दावा किया कि दोनों प्रतिनिधिमंडलों को संसद में प्रवेश करने के लिए पास नहीं गया था। इसीलिए राहुल गांधी उनसे मिलने के लिए संसद भवन के स्वागत कक्ष में आए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को संसद भवन के स्वागत कक्ष में भोजन का अधिकार अभियान के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इसके अलावा वह देशभर के मछुआरों के एक प्रतिनिधिमंडल से भी मिले। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद को अपनी चिंताओं और मुद्दों से अवगत कराया।
विज्ञापन
प्रतिनिधिमंडलों को नहीं मिला पास: कांग्रेस
कांग्रेस ने दावा किया कि दोनों प्रतिनिधिमंडलों को संसद में प्रवेश करने के लिए पास नहीं गया था। इसीलिए राहुल गांधी उनसे मिलने के लिए संसद भवन के स्वागत कक्ष में आए।
राहुल गांधी ने मुलाकात के बाद क्या कहा
मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा, किसी से भी मिलना हमारा अधिकार है। लेकिन वे (सरकार) हमें अनुमति नहीं दे रहे हैं। मैंने किसानों के बारे में सदन में बोला था। स्पीकर ने कहा कि उन्हें रोका नहीं जा रहा है। अब इन लोगों को फिर से रोक दिया गया है। मछुआरों का मुद्दा है और बाल कल्याण (भोजन का अधिकार अभियान) के लोग भी आए थे।
विज्ञापन
सफाई कर्मचारियों से भी मुलाकात की
इस बारे में पूछे जाने पर कि वह ऐसे प्रतिनिधिमंडलों से लगातार मिल रहे हैं, गांधी ने कहा कि यह उनका काम है और वह ऐसा करते रहेंगे। इससे पहले दोपहर में राहुल गांधी ने सफाई कर्मचारी आंदोलन के सदस्यों और मैला ढोने की प्रथा में शामिल लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस नेता को अपनी समस्याओं और मुद्दों से अवगत कराया।