भाजपा ने महात्मा गांधी की हत्या के मामले में संघ पर दिए राहुल गांधी के बयान को वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित बताया है। साथ ही कहा है कि बयान पर दो बार यू टर्न ले चुके राहुल को इस पर माफी मांगनी ही पड़ेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि यूपी में चुनाव करीब हैं, इसलिए वे तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। जवाहर लाल नेहरू ने भी संघ को गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा लेने की अनुमति दी थी क्योंकि वह चीन युद्ध के समय संघ के काम से खुश थे। क्या कांग्रेस अब कहेगी कि नेहरू ने ऐसा करके गलत किया। वहीं शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अगर राहुल संघ पर इस तरह के हमले करते रहे तो कांग्रेस की सीटों की संख्या 44 से घटकर चार पर आ जाएगी।
क्या सच से डरते हैं राहुल : संघ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी के ताजा रुख को लेकर उन पर निशाना साधा है। संघ के संचार विभाग के प्रमुख मनमोहन वैद्य ने कहा कि राहुल दो साल से कोई न कोई बहाना बनाकर मुकदमे का सामना करने से क्यों बचते रहे। क्या उन्हें सच से डर लगता है। वे बार-बार यू-टर्न ले रहे हैं।