कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि अगला आम चुनाव भाजपा और विपक्षी गठबंधन के बीच लड़ा जाएगा क्योंकि पहली बार भारतीय संस्थानों पर 'व्यवस्थित हमला' हो रहा है। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में शनिवार को नेशनल इंडियन स्टूडेंट्स एंड एल्युमनी यूनियन (यूके) के साथ बातचीत में गांधी ने कहा कि कांग्रेस की पहली प्राथमिकता भाजपा को हराना और भारत में संस्थानों पर होने वाले अतिक्रमण को रोकना है।
राहुल गांधी ने कहा कि अगला चुनाव बिल्कुल सीधा होगा। एक तरफ भाजपा है और दूसरी तरफ विपक्षी दल हैं। इसका कारण है, पहली बार भारतीय संस्थानों पर हमला हो रहा है। हम जिस चीज का बचाव कर रहे हैं वह भारतीय संविधान और संस्थाओं पर हो रहा हमला है, मैं और समूचा विपक्ष इसे भारत राष्ट्र को बचाने की प्रकृति के तौर पर देख रहा है।
गांधी ने कहा कि इसलिये हम इस बात पर सहमत हुए कि पहली प्राथमिकता भाजपा को हराना और भारत की संस्थाओं पर अतिक्रमण को रोकना है। उस जहर को रोकना है जो फैलाया जा रहा है, उस विभाजन को रोकना होगा जो किया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं लोकतांत्रिक व्यवस्था में काम कर रहा हूं। मुझ पर हमला किया जाता है। मैंने सीखा है और आप देख सकते हैं कि मैं क्या लेकर आया हूं।