कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल मामले को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि देश जानना चाहता है कि ‘मोदी और उद्योगपति अनिल अंबानी के बीच क्या सौदा हुआ है।’ उन्होंने संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग करते हुए कहा कि जेपीसी की जांच से स्पष्ट हो जाएगा कि राफेल सौदे में क्या हुआ था।
राफेल मामले मे जेपीसी पर जवाब देने के लिए वित्त मंत्री अरूण जेटली को 24 घंटे की ‘समयसीमा’ देने वाले गांधी ने कहा, 'कल जेटली जी ने सवाल पूछे। मैंने अरुण जेटली के द्वारा नरेन्द्र मोदी जी को एक विकल्प दिया। विकल्प यह था कि जेपीसी बनाई जाए। इससे सब साफ हो जाएगा, सबको पता लग जाएगा कि राफेल में क्या हुआ।'
उन्होंने कहा, 'जेपीसी पर किसी भी विपक्षी दल को ऐतराज नहीं है। अरुण जेटली जी लंबे-लंबे ब्लॉग लिख रहे हैं, लेकिन जेपीसी के बारे में कुछ नहीं बोल रहे। अब मैं समझता हूं कि अरुण जेटली जी फंस गए हैं क्योंकि अनुमति तो नरेन्द्र मोदी जी को देनी है। जेटली जी ने पता नहीं पूछा या नहीं पूछा, शायद वो इतना घबरा गए हैं, कि पूछें भी ना।'
उन्होंने कहा, 'राफेल बड़ा स्पष्ट मामला है। अनिल अंबानी जी ने हवाई जहाज कभी नहीं बनाया। वह 45,000 करोड़ रुपए के कर्जे में हैं। दूसरी तरफ, सरकारी कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, 70 साल से हवाई जहाज बना रही हैं उस पर कोई कर्जा नहीं है।'
गांधी ने कहा, 'सवाल यह है कि हवाई जहाज 520 करोड़ रुपए का था, उसको आपने 1,600 करोड़ रुपए में क्यों खरीदा? किसको फायदा पहुंचाने के लिए खरीदा? अब अरुण जेटली जी उल्टा मुझसे सवाल पूछ रहे हैं। पूरा देश जानना चाहता है कि अनिल अंबानी जी ने और मोदी जी ने क्या डील की है?'