जम्मू के कठुआ में 8 साल की बच्ची और सूरत में 11 साल की बच्ची, उन्नाव में 17 साल की नाबालिग के साथ गैंग रेप की घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बढ़ते रेप के मामले को देखते हुए एकबार फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इशारों इशारों में मौजूदा केंद्र की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है।
राहुल ने ट्वीट कर कहा है कि प्रधानमंत्री अगर सचमुच बेटियों को न्याय दिलाना चाहते हैं तो जल्द से जल्द फास्ट ट्रैक के जरिए न्याय दिलाएं और आरोपियों को सजा दिलाएं। उन्होंने नाबालिग और बच्चियों के साथ घट रहीं घटनाओं को शर्मनाक बताया है।
राहुल गांधी ने ट्वीट के जरिए नाबालिगों के प्रति बढ़ते अपराध पर ध्यान खींचने की कोशिश की है। उन्होंने लिखा है कि अकेले 2016 में 19,675 नाबालिगों के साथ बलात्कार की घटनाएं हुईं है। यह शर्मनाक है। इससे पहले भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आधी रात को हजारों लोगों के साथ इंडिया गेट पर कैंडिल मार्च निकाल कर अपना विरोध जताया था।
राहुल ने बृहस्पतिवार देर शाम अपने ट्विटर अकाउंट पर बलात्कार की बढ़ती घटनाओं के विषय में ट्वीट किया था कि इन घटनाओं को सुनकर लाखों भारतीयों की तरह मेरा दिल भी दुखी है। हम महिलाओं को इस हाल में नहीं छोड़ सकते। आइए शांति और इंसाफ के लिए इंडिया गेट पर कैंडल मार्च में हिस्सा लें। वहीं वह इस मामले में #speakup के नाम से हर दिन एक ट्वीट डाल कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले उन्नाव गैंग रेप मामले में नाबालिग के पिता की मौत के बाद भी राहुल ने ट्वीट के जरिए विरोध दर्ज किया था।उन्होंने लिखा था कि UP में अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार कर रहे एक पिता पर हुई बर्बरता ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। आशा है कि प्रधानमंत्रीजी भाजपा शासन में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, कानून तंत्र की विफलता और बढ़ती अराजकता के लिए भी जल्द ही उपवास रखेंगे।