मैसूर में भारी बारिश के बावजूद राहुल गांधी ने हजारों लोगों को संबोधित किया। बारिश में उनके संबोधन का एक वीडियो क्लिप कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया है। अपने पोस्ट में उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा पर निशाना भी साधा है।
केरल में 18 दिन की यात्रा के बाद शुक्रवार से शुरू हुई कर्नाटक चरण की भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने रविवार को कर्नाटक के बदनवालु में खादी ग्रामोद्योग में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने यहां लोगों को संबोधित भी किया। इसके बाद वे मैसूर पहुंचे। यहां शाम को भारी बारिश के बावजूद उन्होंने हजारों लोगों को संबोधित किया। बारिश में उनके संबोधन का एक वीडियो क्लिप कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया है। अपने पोस्ट में उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा पर निशाना भी साधा है।
विज्ञापन
जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में लिखा कि "गांधी जयंती की शाम मैसूर में मूसलाधार बारिश के बावजूद, राहुल गांधी लोगों की भारी भीड़ को संबोधित करते रहे। यह एक स्पष्ट ऐलान था कि नफ़रत के ख़िलाफ़ देश को एकजुट करने, बेरोज़गारी और महंगाई के खिलाफ बोलने से भारत जोड़ो यात्रा को कोई ताकत नहीं रोक सकती है।"
राहुल गांधी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी बारिश में भीगते हुए लोगों को संबोधित करने का वीडियो शेयर किया गया है। पोस्ट में वीडियो के साथ उन्होंने लिखा है कि 'भारत को एकजुट करने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। भारत की आवाज़ उठाने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी, भारत जोड़ो यात्रा को कोई नहीं रोक सकता।'