बांग्लादेश के हालात पर हुई सर्वदलीय बैठक
- फोटो : एक्स/एस जयशंकर
क्या बांग्लादेश के इस हालात के पीछे कोई विदेशी ताकत है?, क्या बांग्लादेश के घटनाक्रम में पाकिस्तान शामिल हैं या उसकी किसी तरह की कोई भूमिका है? कुछ ऐसे ही सवाल लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से सर्वदलीय बैठक के दौरान पूछे हैं। सूत्रों ने बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को सर्वदलीय बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर से पूछा कि क्या बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रम में विदेशी ताकतें, खास तौर पर पाकिस्तान, शामिल हो सकती हैं।
भारत ने शेख हसीना को मदद का दिया आश्वासन
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने पड़ोसी देश में संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार की आगे की रणनीति के बारे में भी पूछा। वहीं इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारत ने सोमवार शाम पहुंची बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मदद का आश्वासन दिया है और उन्हें भविष्य की कार्रवाई तय करने के लिए समय भी दिया है।
राहुल गांधी ने सरकार को समर्थन देने की बात कही
बता दें कि राहुल गांधी समेत कई नेताओं के सवालों का जवाब देते हुए विदेश मंत्री ने बांग्लादेश में अशांति में विदेशी सरकारों की भूमिका से इनकार नहीं किया, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि स्थिति बहुत अस्थिर है और भारत सरकार बदलती स्थिति पर नजर रख रही है। वहीं पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने इस मुद्दे पर सरकार को अपना पूरा सहयोग देने की बात कही। इस दौरान राहुल गांधी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की।
सर्वदलीय बैठक में कौन-कौन नेता हुए शामिल?
विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अध्यक्षता में हुई इस सर्वदलीय बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, जेडीयू नेता और केंद्रीय नेता राजीव रंजन सिंह ललन, जेडीएस नेता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, डीएमके नेता टीआर बालू, एसपी नेता रामगोपाल यादव, तृणमूल कांग्रेस सुदीप बंदोपाध्याय, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले भी शामिल थीं।