शिवसेना के बागी विधायकों की शरणस्थली बने पांच सितारा रेडिसन ब्लू होटल ने आम लोगों के लिए कमरों की बुकिंग पर लगी रोक पांच जुलाई तक बढ़ा दी है। इससे पहले होटल ने 30 जून तक होटल में आम लोगों के लिए कमरे न होने की घोषणा की थी।
बागी विधायकों को सुप्रीम कोर्ट से राहत
हालांकि, शीर्ष अदालत ने महाराष्ट्र सरकार की उस याचिका पर अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार कर दिया, जिसमें विधानसभा में बहुमत परीक्षण नहीं कराए जाने का अनुरोध किया गया था। अदालत ने कहा कि वे किसी भी अवैध कदम के खिलाफ उसका रुख कर सकते हैं।
महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार गिराने के लिए, शिवसेना के असंतुष्ट विधायक कुछ निर्दलीय विधायकों के साथ 22 जून से लगभग 2,700 किलोमीटर दूर गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। विधायकों और उनके साथियों के लिए होटल की अलग-अलग मंजिलों पर कुल 70 कमरे बुक किए गए हैं। होटल ने अन्य मेहमानों के लिए रेस्तरां, बैंक्वेट और अन्य सुविधाएं बंद कर दी हैं। गुवाहाटी पुलिस के एक अधिकारी ने पहले कहा, ‘‘केवल एयरलाइन कर्मचारियों को ठहरने की अनुमति है क्योंकि उनका होटल के साथ समझौता है।’’
गुवाहाटी हवाईअड्डे से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित होटल पर स्थानीय पुलिस, अर्धसैनिक बलों और रिजर्व बटालियन और असम पुलिस की कमांडो इकाइयों के दर्जनों जवान कड़ी निगरानी रखे हुए हैं। जलुकबाड़ी के पास गोटानगर इलाके में स्थित होटल में पत्रकारों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं है। परिसर के बाहर देश भर के पत्रकार मौजूद हैं।