पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : ani
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि पंजाब की कैप्टन अमरिंद सिंह की सरकार अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वह लंबे समय से अनुसूचित जाति के छात्रों को उचित वजीफा जारी नहीं कर रही है। इसके कारण छात्रों को अपना रोल नंबर लेने के लिए भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र इसके लिए प्रदर्शन भी कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। अंतत: अनुसूचित जाति आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेकर सरकार को नोटिस जारी किया है। पंजाब की पार्टी नेता मीत हेयर ने कहा है कि सरकार छात्र हितैषी होने का दावा करती रही है, लेकिन अनुसूचित आयोग के नोटिस ने साबित कर दिया है कि पंजाब सरकार की नीतियां सही नहीं हैं।
पंजाब विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष की उप नेता बीबी सरबजीत कौर माणूंके और विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की ओर से पंजाब सरकार को नोटिस जारी करने का स्वागत किया है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के वजीफे की रकम में करोड़ों रुपये का घोटाला किया है। इस कारण से समाज के 10वीं पास छात्रों को अगली कक्षा की पढ़ाई करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।