वर्धा के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ने कॉलेज के डीन कार्यालय से कूदकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक नागपुर की रहने वाली छात्रा सावंगी में दत्ता मेघे इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च से संबद्ध जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस कर रही थी। उसकी उपस्थिति को लेकर समस्या थी और उसे कुछ परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी गई थी। इससे परेशान होकर छात्रा ने कॉलेज में चौथी मंजिल बने डीन कार्यालय से छलांग लगा दी। सिर में चोट लगने छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे में मौत होने का मामला दर्ज किया है।
गोंदिया के अर्जुनी मोरगांव में नवेगांव-कोहलगांव-केशोरी रोड पर बना छोटा पुल गुरुवार रात को ढह गया। इसके बाद यहां से यातायात को डायवर्ट कर दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि राहगीर की सूचना के बाद अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को डायवर्ट किया गया। पुल करीब पांच दशक पुराना था और काफी कमजोर हो गया था। उपमंडल अधिकारी वरुणकुमार शहारे ने बताया कि पुल के किनारे एक छोटा सा नाला है। जो भारी बारिश के कारण धंस गया और वाहनों की आवाजाही के कारण कमजोर हो गया था।
महाराष्ट्र में पुणे की एक अदालत ने धोखाधड़ी मामले में कार्यकर्ता मनोज जरांगे के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट को रद्द कर दिया। न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने 2013 में धोखाधड़ी के एक मामले में जरांगे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। दरअसल, 23 जुलाई को वह अदालत में पेश नहीं हो पाए थे। उन्हें शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जरांगे के वकील हर्षद निंबालकर ने गैर जमानती वारंट को रद्द करने की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया।
अदालत ने वकील हर्षद निंबालकर के आवेदन को स्वीकार कर लिया और जरांगे के खिलाफ गैर जमानती वारंट को रद्द कर दिया। बता दें कि जरांगे और अन्य दो के खिलाफ 2013 में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 406 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जरांगे और सह-आरोपी ने 2012 में शिकायतकर्ता से संपर्क किया था और उसे 30 लाख रुपये की पेशकश की थी।हालांकि, 16 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया था और शेष रुपये को लेकर कुछ विवाद हो गया, जिसे लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद ही अदालत ने पुलिस को मामला दरिज करने के लिए कहा था।
मुंबई के गोरेगांव में एक सेल्समैन ने अपनी फिजियोथेरेपिस्ट पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने इमारत से कूदकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि जिम उपकरण विक्रेता किशोर पेडनेकर अवसाद में थे। उनकी पत्नी राजेश्री फिजियोथेरेपिस्ट थीं। पेडनेकर का शव टोपीवाला हवेली के सामने सड़क पर पड़ा हुआ मिला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के बारे में सूचित करने के लिए उनकी पत्नी को कॉल किया गया, लेकिन जवाब नहीं मिला और दंपती के फ्लैट पर ताला लगा हुआ था। पेडनेकर के गले में पड़े लॉकेट में फ्लैट की चाबी थी।पुलिस ने बताया कि जब फ्लैट खोला गया तो पेडनेकर की पत्नी राजेश्री का शव हॉल में पड़ा था। दिल्ली में काम करने वाले दंपती के बेटे को मौत की जानकारी दे दी गई है। गोरेगांव पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। जांच चल रही है।