प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित स्कूल नौकरियों घोटाले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को नौ नवंबर को यहां पेश होने के लिए बुलाया है। ईडी ने इससे पहले बनर्जी को नौ अक्तूबर को उसके सामने पेश होने के लिए बुलाया था।
पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री और टीएमसी प्रवक्ता शशि पांजा ने कहा कि बनर्जी गुरुवार को ईडी के सामने पेश होंगे और उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रतिशोध की राजनीति का शिकार हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अगले साल की शुरुआत में महत्वपूर्ण चुनाव से पहले नेताओं को परेशान करने के लिए ऐसी राजनीति करती है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शमिक लाहिड़ी ने कहा कि पार्टी प्रतिशोध की राजनीति में विश्वास नहीं करती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा समन कोर्ट की निगरानी में हो रहा है और अगर टीएमसी को कोई दिक्कत है तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है।
ओडिशा: मेमू पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतरी
झारसुगुड़ा से ओडिशा के संबलपु जा रही एक मेमू पैसेंजर ट्रेन बुधवार शाम संबलपुर जिले में एक भैंस से टकराने के बाद पटरी से उतर गई। हालांकि, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना सरला के पास हुई।
तमिलनाडु: रैगिंग और सिर मुंडवाने के आरोप में सात छात्र गिरफ्तार
कोयंबटूर में पीएसजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के सात छात्रों को पीलामेडु पुलिस ने प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ रैगिंग करने, उसका सिर मुंडवाने और शराब पीने के लिए छात्र से पैसे मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कॉलेज प्रबंधन ने सभी सात छात्रों को निलंबित कर दिया है।