देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता अभिषेक घोसालकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मौरिस नोरोन्हा ने फेसबुक लाइव के दौरान यह सनसनीखेज कदम उठाया। इसके बाद नोरोन्हा ने खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी है। मामले में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। इन सब के बीच मामले की जांच मुंबई अपराध शाखा को सौंप दी गई है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभिषेक घोसालकर को चार गोलियां मारी गईं। अभिषेक के पेट और कंधे में गोली लगी। हमलावर नोरोन्हा ने अवैध पिस्तौल का इस्तेमाल किया और घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि फेसबुक लाइव का इस्तेमाल इसलिए किया गया, ताकि यह साफ किया जा सके कि दोनों बोरीवली में आईसी कॉलोनी क्षेत्र की बेहतरी के लिए अपने आपसी विवाद को खत्म करके एक साथ आए हैं।
देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना की जांच शुरू होने की जानकारी दी है। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया कि शिंदे ने चार दिन पहले यहां मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में नोरोन्हा से मुलाकात की थी और उन्हें अपने (शिंदे के) नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। राउत ने यह भी मांग की कि उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा दे देना चाहिए।