फरार कैदी को गिरफ्तार कर ले जाते पुलिसकर्मी
- फोटो : ब्यूरो/ गोरखपुर
कचहरी में पेशी पर आया बंदी सिपाही का हाथ झटककर भाग निकला। हालांकि घेराबंदी कर पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। फरार होने की योजना में शामिल उसके साथी को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है। बड़हलगंज का रहने वाला बंदी पत्नी की हत्या के मामले में तीन साल से जेल में है। सोमवार को उसकी पेशी थी। बंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
बड़हलगंज के छपिया उमराव गांव का रहने वाले बिट्टू यादव (28) ने वर्ष 2013 में दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर दी थी। लड़की के पिता मऊ, मिश्रौली के मलपुर निवासी राम नारायन की तहरीर पर पुलिस ने बिट्टू, उसके पिता वकील यादव, मां कलावती और भाई राधेश्याम के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बिट्टू को तीन साल से जमानत नहीं मिली है। हत्या के मामले में गवाही चल रही है, जल्द ही सजा होने वाली है। सोमवार को एडीजे तृतीय के कोर्ट में बिट्टू की पेशी थी। कोर्ट में पेशी के बाद दोपहर 12:30 बजे कचहरी लॉकअप ले जाते समय वह सिपाही का झटककर कुछ दूरी पर खड़े अपने साथी के साथ भाग निकला।