यूपी के इलाहाबाद जिले में स्थित यमुनापार के मेजा इलाके में रविवार रात शादी समारोह में द्वारचार के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब एक युवती ने अचानक सामने आकर कहा कि इस दूल्हे से उसका ब्याह हो चुका है। एक बेटी भी है। वह उसे मुंबई में धोखा देकर भाग आया और दूसरी शादी रचा रहा है। उसने दूल्हे को सबके सामने पीट भी दिया। बवाल मचा तो दुल्हन के घरवालों ने भी शादी से इनकार कर फरेबी दूल्हे और उसके परिजनों समेत तमाम बारातियों को बंधक बना लिया।
सोमवार शाम तक चली पंचायत में दुल्हन के घरवालों ने साफ कहा कि दूल्हे के परिजन शादी का पूरा खर्च चुकता करें। उन्हें यह रिश्ता अब कतई मंजूर नहीं है। युवती भी अड़ी रही कि उसे उसका पति चाहिए वरना कानूनी कार्रवाई की जाए। खीरी में पिपरांव के सतीश तिवारी का ब्याह मेजा के समोगरा में एक युवती से तय किया गया था।
रविवार को शादी होनी थी। शाम को सतीश बारात लेकर समोगरा पहुंचा। जलपान के बाद रात में बारात विवाह स्थल पर पहुंची। स्वागत सत्कार के बाद द्वारचार की रस्म पूरी की जा रही थी तभी अचानक एक युवती आकर चीखने लगी। उसने कहा कि दूल्हा सतीश उससे ब्याह कर चुका है। अब वह दूसरी शादी करने के चक्कर में है। उसने दूल्हे को पकड़कर खींचा और पीटने लगी। इस पर वहां अफरातफरी मच गई।