कोलकाता के ईडन गॉर्डंस मैदान में हुए महिला वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर वेस्टइंडीज महिला टीम ने इतिहास रच दिया और पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
इसी मैदान में पुरुषों का वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबला भी होना है। जिसमें वेस्टइंडीज और इंग्लैंड आपस में भिड़ेंगी। महिला वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और कप्तान मेग लेनिंग और इलिस विलेनी दोनों के अर्धशतक की बदौलत 5 विकेट खोकर 148 रन बनाए।
जवाब में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी बेहद लाजवाब रही। पहले विकेट के लिए कैरेबियाई कप्तान स्टेफनी टेलर (59) और हेले मैथ्यूज (66) के बीच 120 रनों की साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने टीम की बुनियाद शानदार रखी। वेस्टइंडीज ने यह मैच 8 विकेट और 3 गेंद रहते जीता।
मोदी ने किया TCS का दौरा
सऊदी अरब में मोदी ने किया TCS का दौरा
- फोटो : PIB
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित टीसीएस सेंटर का दौरा किया। भारत की जानीमानी आईटी कंपनी टीसीएस के रियाद स्थित केंद्र की खूबी यह है कि यहां महिलाएं ही काम करती हैं, जिनकी संख्या हजार के आसपास हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में 'भारत माता की जय' के नारे भी लगाए गए। महिलाकर्मियों ने नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी भी लीं। प्रधानमंत्री उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि मैं ऐसी प्रोफेशनल महिलाओं से मुलाकात कर रहा हूं, जो कि सऊदी अरब की शान हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को भारत आने का न्योता दिया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को रियाद पहुंचे। मोदी की यह पहली सऊदी अरब यात्रा है। इस यात्रा के दौरान दोनों देश सामरिक भागीदारी को मजबूत करने के समझौते करने के साथ सुरक्षा और आतंकवाद से निपटने के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर देंगे।
मोदी और सऊदी नेतृत्व के बीच होने वाली वार्ताओं में आतंकवाद और कट्टरवाद के खतरों से निपटने का विषय प्रमुख रहेगा। मोदी, सऊदी अरब जाने वाले चौथे प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले 2010 में मनमोहन सिंह, 1982 में इंदिरा गांधी और 1956 में जवाहर लाल नेहरू यहां आए थे।
एनआईए के अधिकारी की बिजनौर में गोली मारकर हत्या, आतंकी हमले का शक
एनआईए के अधिकारी की बिजनौर में गोली मारकर हत्या
- फोटो : ANI
एनआईए के डिप्टी एसपी व पठानकोट आतंकी हमले की जांच से जुड़े तंजील अहमद की बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में बीती देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गई। मध्य रात एक बजे यह वारदात हुई। उस समय इंस्पेक्टर तंजील अहमद एक शादी समारोह से लौट रहे थे। मारे गए इंस्पेक्टर बिजनौर जिले के ही सहसपुर के रहने वाले थे।
पत्नी और दो बच्चों के साथ वैगन-आर कार से शादी समारोह में शामिल होने स्योहारा गए थे। लौटते समय बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी को निशाना बना कर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने पिस्टल से गोलियां चलाई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक तंजील अहमद को करीब 12 गोलियां लगीं जिनमें से 9 गोलियां शरीर के पार हो गईं। बाद में उनकी मुरादाबाद के कासमोट अस्पताल में मौत हो गई।
यह वारदात सहसपुर पुलिस चौकी से मात्र पचास मीटर की दूरी पर हुई। अहमद की पत्नी को गंभीर रूप से घायलावस्था में नोएडा के कैलाश हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वैसे वह छुट्टियों में अक्सर बिजनौर आया करते थे। चूंकि वह पठानकोट आतंकी हमले की जांच से भी जुड़े थे, इसलिए इस हत्याकांड को उस संदर्भ में भी जोड़ कर देखा जा रहा है। खुफिया एजेंसियां व पुलिस प्रशासन गहन छानबीन में जुटा हुआ है।
तंजील की हत्या के बाद इस बात की संभावना जताई जा रही थी कि शायह वह पंजाब के पठानकोट में हुए आतंकी हमले से जुड़ी जांच दल में शामिल थे और इसीलिए उनकी हत्या कर दी गई लेकिन एनआईए के आईजी ने उनके पठानकोट जांच में जुड़े होने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया।
एनआईए के आईजी बताया, 'जिस एनआईए अधिकारी की हत्या की गई है वह पठानकोट हमले के जांच दल के सदस्य नहीं थे।' इस घटना की सूचना के बाद डीआईजी भी बिजनौर के लिए रवाना हुए।
तंजील अहमद के भाई के मुताबिक उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। वह हंसमुख स्वभाव के थे और लोगों के घुल मिलकर रहते थे।
डॉक्टरों को शक, गर्भवती थीं प्रत्यूषा
प्रत्यूषा बनर्जी की मौत के बाद लगातार उनकी मौत को लेकर एक के बाद एक नई बातें सामने आ रही
- फोटो : Twitter
शुक्रवार की शाम प्रत्यूषा बनर्जी की मौत के बाद लगातार उनकी मौत को लेकर एक के बाद एक नई बातें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि दम घुटने से प्रत्यूषा की मौत हुई है। इसके बावजूद कई तरह की बाते हैं। खासतौर से जिन लोगों ने प्रत्यूषा की लाश को करीब से देखा है वो कई दावे कर रहे हैं।
प्रत्यूषा की लाश को करीब से देखने वाले डॉक्टरों ने ये शक जाहिर किया था कि वो गर्भवती हो सकती हैं। लाश को करीब से देखने वाले कुछ डॉक्टरों ने शरीर में कुछ ऐसे पाया था, जो एक महिला के गर्भवती होने के बाद ही होते हैं। इस पर जांच की बात रही गई थी।
एक टेस्ट के जरिए इसका पता चलेगा कि प्रत्यूषा गर्भवती थी कि नहीं। इस जांच के लिए डॉक्टरों ने नमूने प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अगर जांच में प्रत्यूषा का गर्भवती होना पाया जाता है, तो पुलिस इस बात को भी ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाएगी।
टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी की मौत के बाद लगातार शक के घेरे में आ रहे उनके प्रेमी राहुल राज को सीने में दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहुल टीवी एक्टर और प्रोड्यूसर है। शुक्रवार की शाम राहुल ही प्रत्यूषा को गंभीर हालत में अस्पताल में पहुंचे थे।
एएनआई के मुताबिक, राहुल के वकील नीरज गुप्ता का कहना है कि उनके मुवक्किल राहुल राज अवसाद में हैं। उनको सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। नीरज का कहना है कि राहुल बेहद परेशान हैं।
प्रत्यूषा की मौत के बाद राहुल का वहां से गायब हो गए थे। प्रत्यूषा के साथ मौत से पहले उनकी अनबन की खबरों ने राहुल को शक के दायरे में खड़ा किया। राहुल ने हालांकि कहा कि उनकी प्रत्यूषा की मौत से कोई ताल्लुक नहीं है।
नई सरकार की प्राथमिकता एजेंडा ऑफ अलायंस के तहत सरकार चलाना
निर्मल सिंह भाजपा विधायक दल के नेता हैं।
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा विधायक दल के नेता डॉ. निर्मल सिंह ने कहा है कि चार अप्रैल से सत्ता संभाल रही नई सरकार की प्राथमिकता एजेंडा ऑफ अलायंस के तहत सरकार चलाना है। इसके जरिये रियासत के हर क्षेत्र में खुशहाली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 80 हजार करोड़ के पैकेज को सही भावना से अमल में लाया जाएगा।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्रवाद पर कोई समझौता नहीं करेगी। राष्ट्र विरोधी किसी भी गतिविधि से सख्ती से निपटा जाएगा। दस माह तक रियासत में रही गठबंधन सरकार ने राष्ट्रवाद पर कभी समझौता नहीं किया था।
राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेलों में डाला गया। इस बार भी ऐसा ही होगा। गठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण से पूर्व कश्मीर व जम्मू में कुछ जगह देश विरोधी गतिविधियां प्रकाश में आने के सवाल पर सिंह ने कहा सरकार ऐसे लोगों से निपटना अच्छे तरीके से जानती है।
उन्होंने पीडीपी-भाजपा में मंत्रालयों पर पेच संबंधी सवाल पर कहा ऐसा कोई विवाद दोनों पार्टियों में नहीं रहा। नई सरकार के मंत्रिमंडल में कौन-कौन मंत्री शामिल होगा। मंत्रालय क्या होंगे, यह दोनों पार्टियों के लिए गोपनीय मामला है और शपथ ग्रहण समारोह में ही इसका खुलासा होगा। हालांकि सिंह ने कहा पूर्व मंत्रियों में ही ज्यादातर इस बार भी मंत्रिमंडल में शामिल रहेंगे।
राहुल द्रविड़ बन सकते हैं टीम इंडिया के अगले कोच
राहुल द्रविड़ बन सकते हैं अगले कोच
- फोटो : PTI
अपने जमाने के धुरंधर बल्लेबाज और भूतपूर्व कप्तान राहुल द्रविड को टीम इंडिया का अगला कोच बनाया जा सकता है। बीसीसीआई ने इस बारे में संकेत दिया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की सलाहकार समिति ने सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली, और वीवीएस लक्ष्मण से तुलना करते हुए राहुल द्रविड का नाम सुझाया है।
राहुल द्रविड पिछले एक साल से इंडिया ए और अंडर 19 ग्रुप के इंचार्ज हैं। राहुल द्रविड़ अगर सीनियर खिलाड़ियों का कोच बनने के लिए अपनी सहमति देदी तो उन्हें टीम इंडिया का कोच बनाया जा सकता है। इससे पहले रवि शास्त्री भारतीय टीम के डायरेक्टर थे, जिनका अनुबंध टी-20 वर्ल्ड कप तक के लिए ही था। रवि शास्त्री का कार्यकाल बढ़ाए जाने की भी चर्चा है।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने मीडिया को बताया है कि क्रिकेट सलाहकार समिति चाहेगी तो रवि शास्त्री का अनुबंध बढ़ाया भी जा सकता है।
शाहिद अफरीदी ने कप्तानी छोड़ी
शाहिद अफरीदी
पाकिस्तान टी-20 के कप्तान शाहिद अफरीदी अब टीम के कप्तान नहीं रहे। उन्होंने ट्वीट कर यह बात सोशल मीडिया में साझा की है। अफरीदी ने यह भी कहा कि टीम में आगे बने रहेंगे।
अफरीदी ने उम्मीद जताई है कि पाक चयन समित उन्हें आगे खेलने का मौका जरूर देगी।
उल्लेखनीय है कि शाहिद अफरीदी की कप्तानी में पाक टीम को एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप में बुरी शिकस्त मिली थी। जिसके बाद न सिर्फ पाक फैंस बल्कि पाक चयन समित समेत पीसीबी अध्यक्ष शहरयार खान भी अफरीदी से नाराज हो गए थे।
इतना ही नहीं पाक टीम के कोच वकार युनूस ने यहां तक कहा था कि अफरीदी वर्ल्ड कप के दौरान गंभीर नहीं थे। पीसीबी द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बाद इंतिखाब आलम की रिपोर्ट में भी अफरीदी के नेतृत्व पर सवाल उठे थे। जिसके बाद अफरीदी की कप्तानी पर तलवार लटक रही थी।
अफरीदी ने ट्वीट कर अपनी बातें सार्वजनिक की है।