प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के एम्स में कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक ली और कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में टीका लेने के लिए पात्र सभी लोगों से जल्द से जल्द टीका लगवाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने एक मार्च को टीके की पहली खुराक ली थी।
पीएम मोदी ने एक मार्च को ली थी पहली डोज
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक एक मार्च को ली थी। एम्स में पुडुचेरी की सिस्टर पी निवेदा ने पीएम मोदी को भारत बायोटेक की 'कोवैक्सीन' की पहली डोज दी थी। पहली डोज लेने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर जानकारी दी थी मैंने एम्स में कोरोना की पहली डोज ले ली है। यह वाकई प्रशंसनीय है कि डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए कम समय में बेहतर काम किए हैं। लोगों से अपील है कि जो इसके पात्र हैं वह वैक्सीन जरूर लगवाएं और भारत को कोरोना मुक्त बनाएं।
पीएम मोदी करेंगे आज बैठक
कोरोना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्री से बैठक करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी बैठक के बाद कुछ एलान भी कर सकते हैं। बता दें कि वैक्सीनेशन को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में टीके नहीं भेजने का आरोप लगाया है। महाराष्ट्र के स्वास्थ मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को बताया कि उनके राज्य में सिर्फ तीन दिन का वैक्सीन स्टाक बचा है। वैक्सीन नहीं होने के चलते टीकाकेंद्रों से लोगों को वापस भेजा जा रहा है। राजेश टोपे के बयान पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने पलटवार करते हुए कहा कि किसी भी राज्य में वैक्सीन की कमी नहीं है। जरूरत के हिसाब से सभी राज्यों में वैक्सीन पहुंचाई जा रही है।
9 करोड़ लोगों को दी जा चुकी वैक्सीन
बता दें कि देश में बुधवार तक 9 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि अभी तक 9 करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।