प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन को घमंडिया बताते हुए भाजपा सांसदों को अपनी एकता के जरिये जवाब देने का आह्वान किया। मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सेवा विधेयक के रूप में हम सेमीफाइनल मुकाबला जीत चुके हैं। अब लोकसभा चुनाव से पहले आखिरी बॉल (अविश्वास प्रस्ताव) पर छक्का मारने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को राज्यसभा में पारित दिल्ली सेवा विधेयक की चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी सदस्यों ने इस विधेयक पर राज्यसभा में मतदान को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल मुकाबला बताया था। विधेयक के पारित होने पर पार्टी के राज्यसभा सदस्यों को बधाई देते हुए पीएम ने कहा, सेमीफाइनल मुकाबला हम जीत चुके हैं। जहां तक अविश्वास प्रस्ताव की बात है तो हम इसे 2018 में भी जीत चुके थे और अब आखिरी बॉल पर छक्का मारने की जरूरत है।
विपक्ष अपनी एकता परखने को लाया प्रस्ताव
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव उनकी सरकार के खिलाफ नहीं है। विपक्षी गठबंधन खुद अविश्वास से बुरी तरह ग्रस्त है। वह अपने गठबंधन के सदस्यों के एक-दूसरे के प्रति विश्वास को परखने के लिए उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विपरीत धारा-विचारधारा वाले दलों को गठबंधन से जोड़ तो लिया है, लेकिन उसे इस पर विश्वास नहीं है।
सामाजिक न्याय को पहुंचाया नुकसान
प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर सामाजिक न्याय को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये दल बढ़-चढ़ कर हमेशा सामाजिक न्याय की दुहाई देते हैं। सच्चाई यह है कि इन्हीं दलों के वंशवाद, तुष्टीकरण और भ्रष्ट राजनीति ने सामाजिक न्याय का सबसे अधिक नुकसान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उनकी सरकार भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टीकरण को जड़ से खत्म करने का अभियान जारी रखेगी।
घर-घर जाकर लोगों से मिलें
प्रधानमंत्री ने पार्टी के नेताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों से मिलें और 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए लोगों से अपना योगदान देने के लिए संकल्प लें। उन्होंने कहा कि लोग जिलों और राज्यों समेत विभिन्न स्तर पर सामूहिक प्रतित्रा लेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रयास के तहत अमृत कलश यात्रा भी आयोजित की जाएगी। इसमें 8,500 कलशों में देश के विभिन्न कोने से मिट्टी और पौधे लाए जाएंगे और उनको मिलाकर दिल्ली में अमृत वाटिका बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्तूबर तक जारी रहने की उम्मीद है।
गौरतलब है, मोदी सरकार मंगलवार यानी आज अपने दूसरे कार्यकाल में पहले अविश्वास प्रस्ताव का सामना करेगी। इस दौरान संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस ने पुष्टि की है कि सरकार के खिलाफ इस अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान राहुल पार्टी की ओर से मुख्य वक्ता की भूमिका निभाएंगे।