प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर कश्मीर प्रेस क्लब का निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग की है। क्लब ने आरोप लगाया है कि गत 14 जनवरी को कश्मीर के प्रेस क्लब पर अलोकतांत्रिक तरीके से नियंत्रण कर लिया गया, जिसमें सुरक्षा बलों का इस्तेमाल भी किया गया था। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की ही तरह एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी कश्मीर प्रेस क्लब पर कब्जा करने के तरीके पर गंभीर आपत्ति जताते हुए उसके निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की थी।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष उमाकांत लखेड़ा ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि कश्मीर के क्लब पर नियंत्रण करने के लिए गलत आधार बताया गया है, जबकि प्रेस क्लब का चुनाव कराए जाने की तिथियां घोषित की जा चुकी थीं और कुछ ही दिनों में वहां चुनाव कराया जाना था। क्लब ने कहा है कि जल्द से जल्द प्रेस क्लब के भवन और उसकी भूमि को क्लब को वापस कर चुनाव कराया जाना चाहिए।