राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को दूसरा टर्म नहीं देने के साफ संकेत मिल रहे हैं। पद से रिटायर होने के बाद वह जिस घर में रहेंगे, उस पर सरकार ने अंतिम मुहर लगा दी है। बताते चलें कि जुलाई 2017 में प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित बंगला नंबर 34 उनका अगला घर होगा। मालूम हो कि इसी घर में पूर्व लोक सभा स्पीकर पीए संगमा रहते थे। हालांकि, राष्ट्रपति के अधिकारियों ने इस पर कोई भी कमेंट करने से इनकार कर दिया है।
बताते चलें कि प्रणब मुखर्जी ने साल 2012 में राष्ट्रपति के चुनाव में पीए संगमा को ही हराया था। वर्तमान में इस घर में संगमा के फैमिली के लोग रहते हैं। उनका बेटा हाल ही में मेघालय के तुरा लोक सभा से संसद चुन कर आया है। लेकिन, पहली बार के सांसद को टाइप 8 कैटेगरी की प्रॉपर्टी अलॉट नहीं होती। यह सरकारी घर की सबसे बड़ी कैटेगरी होती है।
शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि टाइप-8 के बंगला ज्यादा नहीं हैं। हमने संगमा के परिवार से निवेदन किया है कि वे बंगला खाली कर दें। यदि मुखर्जी बंगला में कुछ परिवर्तन कराना चाहेंगे तो वह कर दिया जाएगा।