PRAGATI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रगति की 51वीं बैठक में रेलवे, सड़क और बिजली से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना पर खास जोर देते हुए जल प्रबंधन और अंतर-राज्यीय सहयोग को मजबूत करने की बात कही। पढ़िए रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रगति की 51वीं बैठक की अध्यक्षता की। यह एक आईसीटी आधारित बहु-स्तरीय मंच है, जिसका उद्देश्य सक्रिय प्रशासन और समय पर कार्यान्वयन को बढ़ावा देना है। यह बैठक सेवा तीर्थ में आयोजित की गई।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री ने रेलवे, बिजली और सड़क क्षेत्रों की सात अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की। ये परियोजनाएं नौ राज्यों में फैली हुई हैं और इनमें लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का कुल निवेश शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना और स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 की भी समीक्षा की।
केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल बननी चाहिए, ताकि अंतर-राज्यीय जल विवादों का समाधान सहयोग, समय पर मंजूरी, तकनीक आधारित निगरानी और मिशन मोड में कार्यान्वयन के जरिये किया जा सके।
राज्यों को किया प्रोत्साहित
राज्यों को प्रोत्साहित किया गया कि वे ऐसे अवसरों की पहचान करें, जहां नदी जोड़ने, जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और कुशल सिंचाई को एकीकृत करके लंबे समय तक जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
'जरूरतमंदों तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध'
प्रधानमंत्री ने कहा, देश के हर जरूरतमंद तक पीडीएस के माध्यम से समय पर खाद्यान्न पहुंचे, इसके लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सार्थक पीडीएस को ज्यादा आधुनिक और प्रभावी बनाकर जारी रखने का फैसला किया गया है। इससे पीडीएस से होने वाली डिलिवरी, लॉजिस्टिक्स और परिवहन व्यवस्था अधिक पारदर्शी और बेहतर बनेगी, साथ ही शिकायतों के समाधान में भी तेजी आएगी।