देश के पूर्व गृह सचिव और वर्तमान में केंद्र सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह का कहना है कि पाकिस्तान में हुए चुनावों में धांधली हुई है। सिंह के मुताबिक इमरान के पीएम बन जाने के पर भी भारत-पाकिस्तान रिश्तों में कुछ खास बदलाव नहीं आएगा क्योंकि पाकिस्तान में सेना नीति बनाती है।
पाकिस्तान में बुधवार को केंद्रीय और प्रांतीय एसेंबली के लिए हुए मतदान के बाद वोटों की गिनती जारी है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सबसे ज्यादा सीटों के साथ सत्ता पर काबिज होने जा रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कुछ ही सीटों के नतीजों का एलान किया गया है। केंद्रीय एसेंबली की 270 सामान्य सीटों पर मतदान हुआ। मुस्लिम लीग (नवाज) और पीपल्स पार्टी समेत कई राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव नतीजों पर आपत्ति जताई है।
पड़ोसी देश पाकिस्तान के चुनाव नतीजों पर भारतीयों की निगाहें हैं। बहुत से लोगों को लग रहा है कि पाकिस्तान में हुए इस सत्ता परिवर्तन से भारत के लिए कुछ अच्छा हो सकता है। लेकिन इमरान खान की राजनीति पर नजर रखने वाले इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते। इमरान खान के पूर्व में दिए बयान भी इस बात की तस्दीक करते हैं।
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने इमरान खान के रूझानों में सबसे आगे चलने पर कहा, "सेना शुरूआत से उनका समर्थन कर रही है। यह कोई नई बात नहीं है। इमरान खान हमेशा से ही सेना के उम्मीदवार रहे हैं। यह हम नहीं कह रहे बल्कि पाकिस्तान की जनता कह रही है।"
सिंह ने कहा, "चुनाव में धांधली हुई था। पर्यवेक्षकों ने कहा है कि इसमें धांधली हुई है। मतदान केंद्रों पर सेना मौजूद थी। आपने यह सुनिश्चित किया कि नवाज शरीफ और उनकी बेटी जेल पहुंचे और चुनाव प्रचार अभियान में हिस्सा नहीं ले सकें। आपने बिलावल भुट्टो की बैठकों में गड़बड़ी सुनिश्चित की।"
भारत के साथ पाकिस्तान के भावी संबंधों पर आरके सिंह ने कहा, "जहां तक भारत का संबंध है मुझे कोई बदलाव नहीं दिख रहा है, क्योंकि उनके द्वारा आतंकवाद के निर्यात जैसे अहम मुद्दों में कोई बदलाव नहीं आएगा। सेना इस नीति पर फैसले लेती थी और अब भी वो ही ऐसा करेगी।"